Edited By Vijay, Updated: 26 Jun, 2025 10:28 PM

राज्य महिला आयोग के पास 1500 शिकायतें लंबित हैं। इन शिकायतों का निवारण शीघ्र किया जाएगा। इस दिशा में महिला आयोग कार्य करेगा। अढ़ाई वर्ष से राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद का कार्यभार खाली चल रहा था, ऐसे में राज्य में महिलाओं से जुड़ीं शिकायतों का...
शिमला (अभिषेक): राज्य महिला आयोग के पास 1500 शिकायतें लंबित हैं। इन शिकायतों का निवारण शीघ्र किया जाएगा। इस दिशा में महिला आयोग कार्य करेगा। अढ़ाई वर्ष से राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद का कार्यभार खाली चल रहा था, ऐसे में राज्य में महिलाओं से जुड़ीं शिकायतों का निवारण नहीं हो पा रहा था। हालांकि आयोग के कार्यालय में तैनात स्टाफ की ओर से काऊंसलिंग का सिलसिला जारी रखा गया था, लेकिन इस बीच महिलाओं की ओर से आयोग के पास आ रहीं शिकायतों पर सुनवाई नहीं हो पा रही थी। अब वीरवार को राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष विद्या नेगी ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। उनके द्वारा कार्यभार संभालने के बाद अब तीव्र गति से आयोग के समक्ष आईं शिकायतों पर सुनवाई होगी और इनका निवारण किया जाएगा। विद्या नेगी द्वारा अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने पर उन्हें कार्यालय में बधाई देने वालों का तांता लगा रहा है। इस मौके पर मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ भी मौजूद रहे।
कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए विद्या नेगी ने कहा कि उन्हें महिला आयोग के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति देकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता शिकायतों का निवारण समय पर करने की रहेगी। उन्होंने कहा कि महिला आयोग के पास वर्तमान में 1500 शिकायतें लंबित पड़ी हैं और इन शिकायतों का निवारण तीव्र गति से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी अढ़ाई वर्षों में महिला आयोग दोगुनी गति से कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि बीते अढ़ाई वर्ष से महिला आयोग में आईं शिकायतों पर सुनवाई नहीं हो पाई, लेकिन आयोग के कार्यालय में कार्यरत स्टाफ ने काऊंसलिंग का सिलसिला जारी रखा। उन्होंने कहा कि आगामी समय में काऊंसलिंग सैंटर को सुदृढ़ किया जाएगा।
जमीनी स्तर पर काम होगा और महिला की परिस्थितियों को बेहतर करने के लिए कार्य किया जाएगा और जहां पर भी नीतिगत बदलाव करने की जरूरत है, इस पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समान अधिकार मिले और अधिकार सुरक्षित रहे इस पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश की महिलाओं को संदेश दिया कि सभी भरोसा रखें कि आयोग में सबको न्याय मिलेगा।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक