Edited By Vijay, Updated: 24 Feb, 2026 03:23 PM

हमीरपुर जिले के उपमंडल बड़सर के तहत आने वाले बिझड़ी-घोड़ी-धबीरी मार्ग पर मंगलवार सुबह यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। यहां स्थित कन्या स्कूल के पास एक ट्रक के सड़क के बीचोंबीच फंस जाने से करीब 2 घंटे तक जाम लगा रहा।
बड़सर (नवनीत): हमीरपुर जिले के उपमंडल बड़सर के तहत आने वाले बिझड़ी-घोड़ी-धबीरी मार्ग पर मंगलवार सुबह यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। यहां स्थित कन्या स्कूल के पास एक ट्रक के सड़क के बीचोंबीच फंस जाने से करीब 2 घंटे तक जाम लगा रहा। इस दौरान ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार पंजाब नंबर का एक ट्रक सरिया लेकर एक स्थानीय व्यापारी के पास पहुंचा था। सुबह के समय ट्रक चालक ने एक तंग मोड़ पर वाहन को मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन जगह कम होने के कारण ट्रक बीच सड़क में ही फंस गया। ट्रक के फंसते ही सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जाम इतना भयंकर था कि स्कूली बच्चे और शिक्षक समय पर स्कूल नहीं पहुंच सके। कई बच्चों को जाम के कारण पैदल ही स्कूल की तरफ जाना पड़ा। वहीं, छोटे वाहन चालकों ने पुरानी सड़क से निकलने की कोशिश की, लेकिन वह सड़क भी संकरी होने के कारण लोगों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। ट्रक चालक ने वाहन को निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंततः जेसीबी मशीन को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद ट्रक को हटाया जा सका और यातायात बहाल हुआ।
पुलिस सहायता कक्ष बिझड़ी के एएसआई मनोज कुमार ने बताया कि ट्रक के फंसने के कारण यातायात कुछ देर के लिए बाधित हुआ था। जेसीबी की सहायता से ट्रक को हटाकर रास्ता साफ करवा दिया गया है और अब यातायात सुचारू है।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here