Una: चोरों ने रिटायर्ड कैप्टन और SDO के घर में लगाई सेंध, सबूत मिटाने के लिए किया ऐसा काम...पुलिस जांच में जुटी

Edited By Vijay, Updated: 21 Feb, 2026 10:16 PM

theft in the house of retired captain and sdo

ऊना जिले के उपमंडल अम्ब में चोर गिरोह ने पुलिस और जनता की नाक में दम कर रखा है। बेखौफ चोरों ने अब रिटायर्ड अधिकारियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है।

अम्ब (अश्विनी): ऊना जिले के उपमंडल अम्ब में चोर गिरोह ने पुलिस और जनता की नाक में दम कर रखा है। बेखौफ चोरों ने अब रिटायर्ड अधिकारियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार देर रात मुबारिकपुर-गगरेट रोड पर वार्ड नंबर-5 में चोरों ने 2 अलग-अलग घरों में सेंधमारी कर हजारों की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि चोरों ने घर के मंदिर और रसोई में डिब्बों तक की तलाशी ली।

चंडीगढ़ गया था रिटायर्ड कैप्टन का परिवार 
पहली घटना रिटायर्ड कैप्टन बलवीर सिंह के घर हुई। वह अपने परिवार के साथ बेटे के पास चंडीगढ़ गए हुए थे। चोरों ने सूने घर का फायदा उठाते हुए 4 कमरे, स्टोर रूम और रसोईघर को बुरी तरह खंगाल डाला। कैप्टन बलवीर ने बताया कि चोरों ने अलमारियों और बैड बॉक्स के अलावा घर के मंदिर को भी नहीं बख्शा। यहां तक कि रसोई में डिब्बे भी खोलकर देखे गए। हालांकि, घर से केवल 15-16 हजार रुपए चोरी हुए हैं, लेकिन घर की हालत देखकर लगता है कि चोरों ने तसल्ली से वारदात को अंजाम दिया।

रिटायर्ड एसडीओ के घर से ले उड़े डीवीआर
दूसरी वारदात इसी वार्ड में बिजली बोर्ड के रिटायर्ड एसडीओ मदन लाल शर्मा के घर हुई। चोर कैंची गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और कमरों को खंगाल दिया। शातिराना अंदाज देखिए कि चोरों को पता था कि घर में कैमरे लगे हैं, इसलिए सबूत मिटाने के लिए वे सीसीटीवी का डीवीआर सिस्टम ही उखाड़ कर ले गए। गनीमत रही कि घर में कोई कीमती सामान नहीं था।

2 महीने से खौफ में अम्ब, पुलिस की गश्त पर सवाल 
अम्ब क्षेत्र में बीते 2 महीनों से चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। 13 और 14 दिसम्बर की रात को पंचायत कुठियाड़ी के वार्ड नंबर-4 में चोर एक बंद घर से लाखाें रुपए के आभूषण और नकदी ले उड़े थे। उसके बाद 27 दिसम्बर को ग्राम पंचायत कटौहड़ खुर्द के वार्ड नंबर-4 में एक ही रात में 4 घरों को निशाना बनाकर हजारों की नकदी उड़ाई थी। 12 फरवरी की रात घेबट बेहड़ में चोरी की नीयत से घरों में घुसे चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे। हाल ही में अम्ब की गार्डन कालोनी में एक रिहायशी मकान में घुसे चोर भी कैमरों में रिकाॅर्ड हुए थे। गत दिवस नगर पंचायत अम्ब के वार्ड नंबर-3 में सड़क किनारे स्थित एक दुकान में घुसकर गल्ले में रखी हजारों की नकदी चोरी कर ली थी। लगातार हो रहीं इन घटनाओं ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।लगातार हो रही इन घटनाओं से लोग दहशत में हैं। लोगों का कहना है कि चोर पहले रैकी करते हैं और फिर वारदात को अंजाम देते हैं। उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

संदिग्ध लोगों पर नजर रखे हुए पुलिस : एएसपी
पुलिस का बयान एएसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जा रही है। संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को देखते ही पुलिस को सूचित करें।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!