Edited By Vijay, Updated: 18 Feb, 2026 02:22 PM

चिंतपूर्णी के धर्मसाल चम्बी बजार में एक दुकान से बैग में रखी करीब डेढ़ लाख रुपए की नकदी चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने पंजाब के कपूरथला से गिरफ्तार कर लिया है।
चिंतपूर्णी (सुनील): चिंतपूर्णी के धर्मसाल चम्बी बजार में एक दुकान से बैग में रखी करीब डेढ़ लाख रुपए की नकदी चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने पंजाब के कपूरथला से गिरफ्तार कर लिया है। चिंतपूर्णी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले को सुलझाया और आरोपी को उसके घर से दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले चम्बी स्थित एक दुकान के अंदर रखे बैग से नकदी चोरी हो गई थी। दुकान के बुजुर्ग मालिक सुदेश कुमार ने घटना के समय दुकान में आए एक संदिग्ध व्यक्ति पर शक जताया था और बताया था कि वह किसी दोपहिया वाहन पर आया था। मामला दर्ज होने के बाद एएसआई महेंद्र सोनी और थाना प्रभारी जयराम शर्मा के नेतृत्व में जांच तेज की गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि आरोपी बाइक नहीं बल्कि स्कूटी पर आया था। उसने दुकान में किसी के मौजूद न होने का फायदा उठाया और बैग से नकदी लेकर फरार हो गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने जिस स्कूटी का इस्तेमाल किया था, वह किराए पर ली गई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में चोरी के मामले दर्ज हैं। इस संबंध में अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है और उसे जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चोरी हुई रकम की रिकवरी के प्रयास जारी हैं और जल्द ही पैसे बरामद कर लिए जाएंगे।