Edited By Kuldeep, Updated: 21 Aug, 2023 09:05 PM

राज्य में मौसम अभी लोगों को और तंग करेगा। मौसम विभाग के अनुसार 27 अगस्त तक मौसम खराब रहेगा और मंगलवार को यैलो अलर्ट और बुधवार व गुरुवार को दो दिन ऑरैंज अलर्ट रहेगा।
शिमला (संतोष): राज्य में मौसम अभी लोगों को और तंग करेगा। मौसम विभाग के अनुसार 27 अगस्त तक मौसम खराब रहेगा और मंगलवार को यैलो अलर्ट और बुधवार व गुरुवार को दो दिन ऑरैंज अलर्ट रहेगा। पिछले 24 घंटों में राज्य में मानसून कमजोर रहा और पालमपुर में 2, जोगिंद्रनगर, पांवटा, चुवाड़ी व कसौली में 1-1 सैंटीमीटर वर्षा हुई, जबकि मंगलवार को राजधानी शिमला में 0.2, ऊना में 32, कांगड़ा में 3, धौलाकुआं में 0.5, बरठीं में 3 मिलीमीटर बारिश हुई है।
24 जून से शुरू हुए मानसून सीजन में 59 दिनों में भूस्खलन, बाढ़ आने व बादल फटने की घटनाओं में 130 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें भूस्खलन से 96, बाढ़ आने से 18 व बादल फटने की घटनाओं में 16 लोग शामिल हैं। 25 लोग लापता चल रहे हैं, जिसमें भूस्खलन में 6, बाढ़ आने से 17 व बादल फटने की घटनाओं में 2 लोग लापता हंै। राज्य में भूस्खलन की 130 व बाढ़ आने की 60 घटनाएं घटित हो चुकी हैं। बरसात के कारण 80.99 अरब से अधिक संपति को नुक्सान हो चुका है, जिसमें सबसे अधिक लो.नि.वि. को 2712.19 करोड़, जल शक्ति विभाग को 1860.52 करोड़, विद्युत बोर्ड को 1707.35 करोड़ का नुक्सान हो चुका है। 2216 मकान जमींदोज हो चुके हैं जबकि 9819 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। 300 दुकानों व 4702 गऊशालाओं को नुक्सान हो चुका है।
2 हाईवे व 344 सड़कें अभी भी बंद
राज्य में दो नैशनल हाईवे एन.एच. 305 व एन.एच. 03 बंद हैं, जबकि 344 सड़कें भी बंद हैं। इसमें मंडी जोन के तहत सबसे अधिक 117, शिमला जोन की 92, हमीरपुर जोन की 75 व कांगड़ा जोन की 58 सड़कें शामिल हैं। 66 सड़कों को 24 घंटों में जबकि 206 सड़कों को उसके बाद खोल दिया जाएगा।
ये नैशनल हाईवे हैं बंद
-एन.एच.03: लेह लद्दाख वाया मनाली
-एन.एच.305: सैंज-लुहरी-आनी-औट