Edited By Vijay, Updated: 03 May, 2025 12:53 PM

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फिर करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को राज्य के कई जिलों के लिए ऑरैन्ज अलर्ट जारी किया है।
शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फिर करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को राज्य के कई जिलों के लिए ऑरैन्ज अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी विशेष रूप से शिमला, सिरमौर, मंडी, बिलासपुर और सोलन जिलों के लिए जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं, गर्जन के साथ बारिश और ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है।
राज्य के कई हिस्सों में लगातार वर्षा और ओलावृष्टि के कारण निचले क्षेत्रों में जलभराव और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की आशंका जताई गई है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और भूस्खलन की घटनाओं में भी बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को गैर-जरूरी यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है।
विशेषज्ञों के अनुसार लगातार वर्षा से पहाड़ी सड़कों पर भूस्खलन की घटनाएं बढ़ सकती हैं, जिससे कई प्रमुख राजमार्ग और संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो सकते हैं। इससे न केवल स्थानीय निवासियों को परेशानी होगी, बल्कि आवश्यक सेवाओं और आपातकालीन राहत कार्यों पर भी असर पड़ सकता है।
बिजली आपूर्ति पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। तेज हवाओं और आंधी के कारण बिजली के खंभों और तारों को नुकसान पहुंचने की आशंका है, जिससे कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल जैसे शिमला, मनाली और धर्मशाला में मौसम की खराबी के कारण पर्यटकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। हवाई और सड़क यातायात पर असर पड़ सकता है और होटल कारोबार भी प्रभावित हो सकता है।
राज्य प्रशासन ने सभी जिला अधिकारियों को सतर्क रहने और आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे मौसम अपडेट्स पर नजर रखें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करें।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here