Edited By Kuldeep, Updated: 24 Dec, 2025 09:52 PM

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य सरकार ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए रोजगार में 3 फीसदी खेल कोटा निर्धारित किया है।
शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य सरकार ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए रोजगार में 3 फीसदी खेल कोटा निर्धारित किया है। इसके तहत वर्ष, 2024 से अब तक 99 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि खेलों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 68 खंडों में युवा स्वयंसेवी नियुक्त करने के साथ-साथ प्रत्येक जिला मुख्यालय में भी एक स्वयंसेवक तैनात किया गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश सचिवालय में कहा कि वर्तमान वित्त वर्ष में 4 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नादौन में लगभग 9,735 वर्ग मीटर क्षेत्र में 112.49 करोड़ रुपए की लागत से इंडोर बहुद्देश्यीय खेल परिसर निर्मित किया जा रहा हैै। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए सरकार आधुनिक सुविधाएं, पुरस्कार राशि, बेहतर डाइट मनी और रोजगार के अवसर सृजित कर रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में वृद्धि की गई है। इसके अलावा खिलाड़ियों की डाइट मनी में बढ़ौतरी की गई है।
हिमाचल की बेटियों ने मान बढ़ाया
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतिस्पर्धाओं में प्रदेश की बेटियों ने मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि महिला टी-20 विश्वकप में रेणुका ठाकुर ने 5 विकेट लेकर हिमाचल को खिताब जिताकर इतिहास रचा है। उन्होंने ढाका में आयोजित महिला विश्व कप कबड्डी-2025 में खिताब विजेता भारतीय टीम का उल्लेख करते हुए कहा कि हिमाचल की खिलाड़ियों कप्तान ऋतु नेगी, उपकप्तान पुष्पा राणा, साक्षी शर्मा, भावना और चंपा की भूमिका पूरी प्रतियोगिता में सराहनीय रही।
उन्होंने चम्बा जिला के रेटा गांव की सीमा की भी सराहना की, जो राष्ट्रीय एथलैटिक्स चैंपियनशिप में 25,000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने वाली प्रदेश की पहली महिला बनी। इसी तरह शिमला जिला के रोहड़ू की ज्योतिका दत्ता ने फैंसिंग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की बेटियां हर क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने सुनीं जन समस्याएं
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश सचिवालय में जन समस्याओं को सुना। उन्होंने कई लोगों की समस्याओं का मौके पर निपटारा किया। साथ ही कुछ अन्य समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निपटारा करने के आदेश दिए।