Edited By Kuldeep, Updated: 28 Apr, 2026 10:49 PM

विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल मार्ग पर 30 अप्रैल से समर स्पैशल ट्रेन शुरू होगी। समर सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने कालका-शिमला नैरो गेज रूट पर विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
शिमला (अभिषेक): विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल मार्ग पर 30 अप्रैल से समर स्पैशल ट्रेन शुरू होगी। समर सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने कालका-शिमला नैरो गेज रूट पर विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे प्रबंधन द्वारा जारी आदेश के अनुसार ट्रेन संख्या 04503/04504 कालका-शिमला-कालका रिजर्वड समर स्पैशल एक्सप्रैस 30 अप्रैल से 15 जुलाई तक संचालित की जाएगी। इस अवधि में कुल 47 फेरे (ट्रिप्स) लगाए जाएंगे। यह ट्रेन रोजाना चलेगी और इसमें कुल 7 डिब्बे लगाए जाएंगे। यह ट्रेन डीजल इंजन से संचालित होगी और लगभग 95.57 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसके साथ इस समर स्पैशल रिजर्वड ट्रेन का शैड्यूल भी जारी कर दिया है।
शैड्यूल के अनुसार ट्रेन नंबर 04503 कालका से दोपहर 12.30 बजे रवाना होगी और शाम 6.20 बजे शिमला पहुंचेगी। इसके अलावा ट्रेन नंबर 04504 शिमला से 8.20 बजे रवाना होगी और रात 1.15 बजे कालका पहुंचेगी। इस स्पैशल ट्रेन का संचालन खास तौर पर गर्मियों में पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। कालका-शिमला रेल मार्ग पर हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे नियमित ट्रेनों में दबाव बढ़ जाता है। कालका-शिमला रेल मार्ग नैरो गेज रेलवे लाइन है और इस मार्ग पर टॉयट्रेन का सफर रोमांच से भरपूर है। इसी बीच इन दिनों काफी संख्या में पर्यटक शिमला पहुंच रहे हैं। इसके चलते इस रूट पर चल रही सभी ट्रेनें फुल चल रही हैं।