Edited By Kuldeep, Updated: 27 Apr, 2025 09:51 PM

प्रदेश में प्रधानमंत्री मन की बात का सीधा प्रसारण 7,294 बूथों पर सुना गया। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल ने रविवार को शिमला में यह जानकारी दी।
शिमला (हैडली): प्रदेश में प्रधानमंत्री मन की बात का सीधा प्रसारण 7,294 बूथों पर सुना गया। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल ने रविवार को शिमला में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने यह प्रसारण नहान जिला कार्यालय में सुना। कटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात के माध्यम से अपने संबोधन में आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के लोगों में जो गुस्सा है, वह गुस्सा पूरी दुनिया में है। इस आतंकी हमले के बाद पूरी दुनिया से लगातार संवेदनाएं आ रही हैं। साथ ही सभी ने इस जघन्य आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने संबोधन में कहा कि आतंकवाद के खिलाफ जारी हमारी लड़ाई में पूरा विश्व 140 करोड़ भारतीयों के साथ खड़ा है।
उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय मिलेगा और न्याय होगा। हमले के दोषियों और साजिशकत्ताओं को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। वहीं कटवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार पर 1 लाख करोड़ से अधिक का ऋण हो गया है। हाल ही में प्रदेश सरकार ने 1300 करोड़ का और ऋण ले लिया है, जो कि केवल मात्र प्रदेश में सैलरी और पेंशन को देने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। वैसे तो सैलरी और पैंशन का भुगतान 2 हजार करोड़ है, जिससे साफ दिखता है कि 700 करोड़ की तो अभी भी कमी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में खजाना खाली है, सरकार की जेब खाली है, मुख्यमंत्री की जेब खाली और यह सरकार केवल खाली-खाली सरकार है।
कांग्रेस सरकार में महंगाई का बोलबाला
कटवाल ने कहा कि राज्य सरकार जो भी पॉलिसी बनाती है, वह पूरी तरह विफल हो जाती है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि आत्मनिर्भर हिमाचल के नाम पर प्रदेश की जनता पर महंगाई थोपी जा रही है। दालें महंगी, राशन महंगा, पानी महंगा, सीमेंट महंगा, सरिया महंगा और इस सरकार में केवल महंगाई का बोलबाला है। साथ ही कहा कि प्रदेश में हर वर्ग के साथ कर्मचारियों को भी सरकार द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झूठी गारंटियों के सहारे कांग्रेस सत्ता में आई थी, लेकिन अब सरकार अपनी गारंटियों को भूल चुकी है।