Edited By Kuldeep, Updated: 07 Jul, 2023 10:10 PM

मानसून के एक बार फिर से सक्रिय होने और भारी बारिश के कारण जहां नदी-नाले उफान पर आ गए हैं, जिससे भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हंै, वहीं नुक्सान का आंकड़ा भी बढ़ गया है।
शिमला (संतोष): मानसून के एक बार फिर से सक्रिय होने और भारी बारिश के कारण जहां नदी-नाले उफान पर आ गए हैं, जिससे भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हंै, वहीं नुक्सान का आंकड़ा भी बढ़ गया है। किन्नौर में भूकंप आने से धरती भी हिली है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार मात्र एक पखवाड़े की बारिश ने राज्य में 3.52 अरब से अधिक की संपत्ति को नुक्सान पहुंचा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार और रविवार को 2 दिन राज्य में ऑरैंज अलर्ट रहेगा और इस दौरान विभाग ने ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चम्बा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमौर में भारी बारिश, ओलावृष्टि व अंधड़ की चेतावनी जारी की है, जबकि 10 जुलाई को यैलो अलर्ट रहेगा, वहीं राज्य में मौसम 13 जुलाई तक खराब रहेगा। स्थानीय लोगों व पर्यटकों को नदी-नालों और भूस्खलन के प्रति संवेदनशील स्थलों से दूर रहने की अपील की है।
किन्नौर में भूकंप के झटके
राज्य के किन्नौर जिले में शुक्रवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप सुबह करीब 10.50 बजे आया। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.6 आंकी गई है। भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर 5 किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप से किसी तरह के नुक्सान की सूचना नहीं है। वैसे ही भूकंप के लिए हिमाचल अतिसंवेदनशील है और इसे सिस्मिक जोन 4 और 5 में रखा गया है।
168 सड़कें बंद, लो.नि.वि. को 193.92 करोड़ का नुक्सान
राज्य में अभी भी 168 सड़कें बंद पड़ी हुई हंै। लो.नि.वि. को 193.62 करोड़, जल शक्ति विभाग को 127.20 करोड़, बागवानी विभाग को 26.22 करोड़, विद्युत बोर्ड को 0.92 करोड़ और शहरी विकास विभाग को 0.38 करोड़ का नुक्सान हो चुका है। 43 लोग काल का ग्रास बने हैं और 79 घायल तथा 4 लापता हैं।
शिमला में जमकर बरसे मेघ
शुक्रवार को राजधानी में मेघ जमकर बरसे हैं। यहां पर 46 मिलीमीटर, नाहन में 35, चम्बा में 1, कुफरी में 7, नारकंडा व धौलाकुआं में 20, मशोबरा में 21.5, खड़ापत्थर में 31, सराहन में 21.5, रोहड़ू में 11 मिलीमीटर वर्षा हुई है।