Edited By Kuldeep, Updated: 01 Aug, 2025 07:04 PM

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से कृषि क्षेत्र में 13 करोड़ 51 लाख 78 हजार रुपए के नुक्सान का अनुमान लगाया गया है। राज्य में सबसे अधिक प्रभावित जिला मंडी है। यहां पर कृषि को 9.57 करोड़ का नुक्सान हुआ है। दूसरे नंबर पर जिला शिमला है।
शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से कृषि क्षेत्र में 13 करोड़ 51 लाख 78 हजार रुपए के नुक्सान का अनुमान लगाया गया है। राज्य में सबसे अधिक प्रभावित जिला मंडी है। यहां पर कृषि को 9.57 करोड़ का नुक्सान हुआ है। दूसरे नंबर पर जिला शिमला है। यहां पर 1.63 करोड़ के नुक्सान का अनुमान लगाया गया है। इसी तरह जिला चंबा में 85 लाख तथा जिला कुल्लू में 44 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। अन्य जिलों में इससे कम नुक्सान हुआ है। उधर, कृषि विभाग लगातार फील्ड से आपदा से हो रहे नुक्सान को लेकर फीडबैक ले रहा है। शुक्रवार को निदेशक कृषि ने फील्ड से प्राकृतिक आपदा से हुए नुक्सान को लेकर फीड बैक लिया। इस दौरान उन्होंने राज्य में फसलों की स्थिति का भी आंकलन किया। कृषि विभाग ने कृषि क्षेत्र को हुए नुक्सान की रिपोर्ट प्रदेश सरकार को भेज दी है।
राज्य सरकार के आदेशों के अनुसार विभाग आगामी कदम उठाएगा। इसके अलावा विभाग अपने स्तर पर उन किसानों की भी सूची तैयार कर रहा है, जिनकी भूमि आपदा के दौरान बाढ़ में बह गई है। साथ ही फील्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे फसलों पर नजर रखें तथा इस बात का विशेष ध्यान रखें कि अधिक बारिश से फसलों में बीमारियां न लग जाएं। निदेशक कृषि डा. रविंदर जसरोटिया ने बताया कि कृषि क्षेत्र में हुए नुक्सान का नियमित आंकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग के विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की जा रही है।