Edited By Swati Sharma, Updated: 28 Mar, 2026 06:46 PM

Shimla News : जिला शिमला के सभी 12 एसडीएम 29 मार्च 2026 को अपने-अपने क्षेत्र में आपदा राहत पैकेज के तहत लाभार्थियों के घरों का निरीक्षण करेंगे। आपदा राहत पैकेज के तहत निर्मित होने वाले घरों का स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे। एसडीएम केवल पूर्ण...
Shimla News : जिला शिमला के सभी 12 एसडीएम 29 मार्च 2026 को अपने-अपने क्षेत्र में आपदा राहत पैकेज के तहत लाभार्थियों के घरों का निरीक्षण करेंगे। आपदा राहत पैकेज के तहत निर्मित होने वाले घरों का स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे। एसडीएम केवल पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त लोगों के घरों के उपरांत आपदा राहत पैकेज से बनने वाले घरों का निरीक्षण करेंगे। इसके दौरान एसडीएम मौके की फोटोग्राफ और डिटेल उपायुक्त कार्यालय को प्रेषित करेंगें। इसके बाद जिला की समायोजित रिपोर्ट बनाई जाएगी। यह आदेश उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने शनिवार को आपदा राहत पैकेज 2023 और 2025 की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम को दिए।
उपायुक्त ने कहा कि सभी प्रभावितों को राहत पैकेज के तहत वित्तीय सहायता मुहैया करवाई गई है, लेकिन कई घरों का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। उपायुक्त ने कहा कि जिन प्रभावितों को राशि जारी की गई है उनके घरों का निरीक्षण पटवारियों को अपनी फील्ड बुक की रिपोर्ट में दर्ज करना होगा। अगर किसी पटवारी ने रिपोर्ट तैयार नहीं की होगी तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके साथ ही काम शुरू होने से पहले साइट की फोटो और काम के दौरान की फोटो राजस्व कार्यालय में साझा करनी होगी। उन्होंने कहा कि उन मामलों की जांच भी की जाएगी जिसमें पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त घर दिखाया गया है लेकिन असल में आंशिक तौर पर क्षतिग्रस्त थे। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को तय सीमा और नियमों के मुताबिक वित्तीय सहायता मुहैया करवाई जा रही है। उपायुक्त ने कहा कि 10 अप्रैल 2026 को जिला के सभी राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें राजस्व के विभिन्न कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
एसडीएम करेंगे निरीक्षण
उपायुक्त अनुपम कश्यप के निर्देशों के बाद हर एसडीएम को लाभार्थी के घर का निरीक्षण करना होगा। 29 मार्च को लाभार्थी के घर के निरीक्षण की मौजूदा रिपोर्ट स्वयं मौके पर जाकर प्रेषित करनी होगी। इन आदेशों के अनुसार छोटू सुपुत्र धर्मपुर आरओ भोटाच तहसील डोडरा क्वार में एसडीएम डोडरा क्वार, लच्छर राम सुपुत्र स्वारू राम गांव कुरटा तहसील जांगला में एसडीएम रोहडू, प्रमोद सिंह सुपुत्र मान सिंह आरओ दुनिया डाकघर देवठ तहसील चैपाल में एसडीएम चैपाल, जोगिन्द्र सिंह सुपुत्र चेतराम आरओ पलवी तहसील ठियोग में एसडीएम ठियोग, मनीश सुपत्र जीया लाल गांव घरवटी डाकघर आडी तहसील कुमारसैन में एसडीएम कुमारसैन, दलीप सिंह सुपुत्र रणिया गांव चुरिया तहसील कुपवी में एसडीएम कुपवी, लीलावती काल्टा गांव मालथ तहसील कोटखाई में एसडीएम कोटखाई, नोख राम गांव मझीबड़ में एसडीएम सुन्नी, विद्या नंद गांव शिल्ला तहसील ननखड़ी में एसडीएम रामपुर, प्रदीप कुमार लक्ष्मी नारायण मंदिर के नजदीक कुसुम्पटी में एसडीएम शहरी निरीक्षण करेंगे।
आपदा राहत पैकेज 2023 और 2025 के लाभार्थी
आपदा राहत पैकेज 2023 के तहत पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त घरों में चौपाल में 83, ठियोग में 26, कुमारसैन में 48, रोहडू में 22, कुपवी में 11, शिमला ग्रामीण में 8, डोडरा क्वार में 3, जुब्बल में 37, रामपुर में 120, कोटखाई में 55 सहित कुल 405 लाभार्थी हुए। इनमें से 366 को पहली किस्त जारी की जा चुकी है। वहीं 254 को दूसरी किश्त और 175 को तीसरी किस्त जा चुकी है। इसके साथ ही आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त घरों के लिए 2149 लाभार्थियों को राशि जारी की चुकी है।
वहीं आपदा राहत पैकेज 2025 के तहत पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त घरों के लिए 115 लाभार्थियों को वित्तीय सहायता मुहैया करवाई गई। इसके साथ ही आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त घरों के तहत 725 लाभार्थियों को वित्तीय सहायता जारी की गई है।