Shimla: नादौन से लौटने के बाद बजट की तैयारियों में जुटे सीएम सुक्खू

Edited By Kuldeep, Updated: 14 Mar, 2026 09:43 PM

shimla cm sukhu budget preparations

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने विधानसभा क्षेत्र नादौन से लौटने के बाद वित्तीय वर्ष, 2026-27 बजट तैयारियों को लेकर बैठक की।

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने विधानसभा क्षेत्र नादौन से लौटने के बाद वित्तीय वर्ष, 2026-27 बजट तैयारियों को लेकर बैठक की। इसके लिए वह अवकाश के दिन प्रदेश सचिवालय पहुंचे, जहां पर उनकी वित्त एवं योजना विभाग के अधिकारियों से मंत्रणा हुई। मुख्यमंत्री जिनके पास वित्त विभाग भी है, 21 मार्च को विधानसभा में लगातार अपना चौथा बजट प्रस्तुत करेंगे।

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री अपनी सरकार के शेष बचे कार्यकाल मेें कुछ प्राथमिकताओं को लेकर आगे बढ़ाना चाहते हैं। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा, हरित ऊर्जा, पर्यटन, डिजिटाइजेशन, हाइड्रो एनर्जी और फूड प्रोसैसिंग शामिल हैं। प्रतिकूल वित्तीय हालात के बीच बजट में इन प्राथमिकताओं का समायोजन बजट में किया जा रहा, जिसको लेकर लगातार सरकारी स्तर पर मंत्रणा का दौर जारी है। सरकार के सामने इस बार सबसे बड़ी परेशानी राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) का आगामी वित्तीय वर्ष से बंद होना है, जिसका असर बजट पर पड़ सकता है। ऐसे में अपेक्षा के अनुरूप विकास कार्य के लिए धनराशि कम पड़ेगी।

58,514 करोड़ था पिछला बजट आकार
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की तरफ से विधानसभा प्रस्तुत पिछले बजट का आकार 58,514 करोड़ रुपए था। इसमें 100 रुपए में से वेतन पर 25 रुपए, पैंशन पर 20 रुपए, ब्याज अदायगी पर 12 रुपए, ऋण अदायगी पर 10 रुपए, स्वायत संस्थानों की ग्रांट पर 9 रुपए एवं विकास कार्य के लिए 24 रुपए निर्धारित किए गए थे। इस बार का बजट आकार भी पिछले बजट के आसपास रहने की संभावना है।

ब्रेक के बाद बजट सत्र 18 मार्च से
ब्रेक के बाद बजट सत्र का आयोजन 18 मार्च से किया जा रहा है। इस दौरान 19 मार्च को वर्ष, 2025-26 का अनुपूरक बजट प्रस्तुत होना है, जिसका पारण उसी दिन होगा। राज्यपाल के अभिभाषण धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की जो 18 से 20 मार्च तक चलेगी। इसके बाद 21 मार्च को वित्तीय वर्ष, 2026-27 का बजट मुख्यमंत्री प्रस्तुत करेंगे। बजट पर सामान्य चर्चा 23 से 25 मार्च तक चलेगी। इसके उपरांत कटौती प्रस्तावों पर चर्चा होगी और 30 मार्च को बजट पारित होगा। बजट के पारित होने के बाद 31 मार्च का दिन गैर सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित किया गया है तथा 2 अप्रैल बजट सत्र का समापन होगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!