Edited By Kuldeep, Updated: 01 Mar, 2026 09:57 PM

हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा की एक सीट के लिए होने वाले चुनाव को लेकर सत्ताधारी कांग्रेस ने उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है।
शिमला (राक्टा ): हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा की एक सीट के लिए होने वाले चुनाव को लेकर सत्ताधारी कांग्रेस ने उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू रविवार दोपहर दिल्ली रवाना हुए। दिल्ली पहुंचने पर उन्होंने पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की, जहां संभावित प्रत्याशी के नाम पर विस्तार से मंथन होने की सूचना है। हालांकि बताया जा रहा है कि पार्टी हाईकमान के साथ मुख्यमंत्री की अहम बैठक सोमवार को होगी।
वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार भी दिल्ली में ही हैं। इसके साथ ही पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह भी बीते कुछ दिनों से दिल्ली में सक्रिय हैं। ऐसे में राज्यसभा सीट के लिए दिल्ली में राजनीति गर्माई हुई है। सूत्रों के अनुसार पार्टी हाईकमान इस बार हिमाचल से ही जुड़े किसी नेता को राज्यसभा भेजने के विकल्प पर विचार कर रहा है। हालांकि कई बाहरी नेताओं के नाम भी चर्चा में हैं। इसके साथ ही जो संकेत मिल रहे हैं, उसके अनुसार पार्टी नेता राहुल गांधी की पसंद कोई निष्ठावान कार्यकर्त्ता भी हो सकता है।
ऐसे में किसी का नाम तय करने से पहले प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, विधायकों की राय और संभावित समीकरणों पर विस्तृत चर्चा की जा रही है। पिछली बार राज्यसभा चुनाव के दौरान बनीं परिस्थितियों को देखते हुए इस बार पार्टी कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। यही कारण है कि हाईकमान हर कदम सोच-समझकर उठा रहा है। वहीं सोमवार को मुख्यमंत्री राज्यसभा सीट के अलावा संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल पर भी हाईकमान से चर्चा कर सकते हैं।
यदि किसी मौजूदा मंत्री को राज्यसभा भेजा जाता है तो कैबिनेट में रिक्तियां पैदा हो सकती हैं, जिससे नए चेहरों को अवसर मिलने की संभावना बनेगी। राज्यसभा सीट के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, पूर्व पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार आई.टी. गोकुल बुटेल व मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील कुमार बिट्टू सहित अन्य कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं। ऐसे में देखना होगा कि दिल्ली में मंथन के बाद किसके नाम पर मोहर लगाई जाती है।
वित्त मंत्री से मुलाकात संभव
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री सोमवार को केंद्रीय वित्त मंत्री से भी मुलाकात कर सकते हैं। इस बैठक में आरडीजी बहाली सहित राज्य से जुड़े वित्तीय मुद्दों और लंबित परियोजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है। ऐसे में मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
5 मार्च तक नामांकन, जल्द होगा फैसला
राज्यसभा सीट के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 5 मार्च निर्धारित है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि 1-2 दिन के भीतर उम्मीदवार के नाम की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।
भाजपा की वेट एंड वॉच रणनीति
वहीं राज्यसभा चुनाव को लेकर विपक्षी दल भाजपा फिलहाल वेट एंड वॉच की रणनीति अपनाए हुए है। कांग्रेस द्वारा प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद ही भाजपा अपने अगले कदम का फैसला करेगी। सूत्रों के मुताबिक यदि कांग्रेस किसी बाहरी नेता को उम्मीदवार बनाती है तो भाजपा भी मुकाबले के लिए अपना प्रत्याशी उतार सकती है।