Edited By Vijay, Updated: 26 Jun, 2025 07:00 PM

मुक्त कारागार बिलासपुर से दुष्कर्म के आरोप में सजा काट रहा कैदी फरार हो गया है। कैदी की पहचान मेहर चंद निवासी संदौली, डाकघर माकड़ी-मार्कंड व तहसील सदर के रूप में की गई है।
बिलासपुर (बंशीधर): मुक्त कारागार बिलासपुर से दुष्कर्म के आरोप में सजा काट रहा कैदी फरार हो गया है। कैदी की पहचान मेहर चंद निवासी संदौली, डाकघर माकड़ी-मार्कंड व तहसील सदर के रूप में की गई है। उसके विरुद्ध 28 अगस्त, 2015 को दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था तथा वह मौजूदा समय मुक्त कारागार बिलासपुर में सजा काट रहा था।
जानकारी के अनुसार मेहर चंद सुबह करीब साढ़े 8 बजे बैरक में साफ-सफाई करने के बाद हैड सुपरवाइजर के साथ जेल से बाहर कूड़ा फैंकने के लिए आया था और वहां से भाग गया। कैदी के भागने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिस पर पुलिस ने कैदी को पकड़ने के लिए जगह-जगह नाके लगाए तथा आने-जाने वाले वाहनों का निरीक्षण शुरू किया, लेकिन कैदी अभी तक पुलिस की पकड़ में नहीं आया है।
कैदी के भागने से जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं कि उसे बिना सुरक्षा के बाहर कैसे आने दिया गया। इससे पहले भी जेल की सुरक्षा व्यवस्था कई बार डगमगा चुकी है। गत 19 मई को जेल के अंदर 10 कैदियों ने एक अन्य कैदी की जमकर पिटाई कर दी थी। वहीं, गत 25 मई को जेल में बंद कुछ बंदियों ने हंगामा कर दिया था। कैदियों की ओर से तर्क दिया जा रहा था कि वे अपनी चैकिंग नहीं करवाएंगे। इसको लेकर उन्होंने भूख हड़ताल तक कर दी थी। काफी प्रयास के बाद जेल प्रशासन ने बंदियों को मनाया था।
मुक्त कारागार में 160 कैदी हैं। इससे पहले गत नवम्बर में जेल के अंदर चिट्टा पहुंचाने की घटना सामने आई थी। इस बारे में एएसपी बिलासपुर शिव चौधरी ने बताया कि कैदी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। सभी पुलिस थानों को उसका फोटो भेज दिया गया है तथा जिला की नाकेबंदी कर दी गई है। दावा किया कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक