Edited By Vijay, Updated: 24 Sep, 2022 11:22 PM

मंडी के पड्डल मैदान में भारतीय जनता युवा मोर्चा की युवा विजय संकल्प रैली को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बाद हिमाचल में भी युवा शक्ति भाजपा की सरकार बनाएगी।
मंडी (रजनीश): मंडी के पड्डल मैदान में भारतीय जनता युवा मोर्चा की युवा विजय संकल्प रैली को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बाद हिमाचल में भी युवा शक्ति भाजपा की सरकार बनाएगी। 5 साल के बाद सरकार बदलने की सोच उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड राज्य में बदल दी है। युवा हिमाचल में भी रिवाज बदलने का मन बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि भारत में बहुत दशकों तक अस्थिर सरकारें रहीं। दुनिया में भारत पर विश्वास करने के लिए सोचना पड़ जाता था लेकिन 2014-2019 में जागरूक मतदाताओं ने दिल्ली में मजबूत स्थिर सरकार दी। उसका परिणाम है कि दिल्ली में स्थिर सरकार है और इसी वजह से नीतियों में भी स्थिरता आई। बदलाव के लिए एक मजबूत नींव तैयार हुई। आज लोग भी सरकार पर भरोसा करते हैं, वैसे ही दुनिया भी हम पर भरोसा करने लगी है।
हिमाचल के युवाओं का जोश और ऊर्जा निरंतर आ रही देश के काम
उन्होंने कहा कि इस बार मंडी में आपसे रू-ब-रू होने की कसक मन में रह गई है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अवसर देना भाजपा की प्राथमिकता रही है और हिमाचल के युवाओं का जोश और ऊर्जा निरंतर देश के काम आ रही है। युवा शक्ति भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में मदद करेगी।
ई-वीजा से हिमाचल के पर्यटन को फायदा
आजादी के अमृत काल में भारत की अर्थव्यवस्था को टूरिज्म से एक बड़ा बल मिलने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज जिस तरह से हिमाचल का टूरिज्म सैक्टर बढ़ रहा है, वो उत्साह बढ़ाने वाला है। केंद्र सरकार ने कई देशों के साथ ई-वीजा शुरू किया है, इसका फायदा टूरिज्म को मिलेगा। इसका हिमाचल को भी लाभ होगा। इस वर्ष के केंद्रीय बजट में दो बड़े प्रोग्राम घोषित किए हैं। वर्तमान प्रोजैक्ट के तहत पहाड़ी क्षेत्रों में रोप-वे नैटवर्क को विस्तार देने की योजना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हिमाचल उन प्रदेशों में से है जिसने अपनी ड्रोन नीति बनाई है। इससे खेती-बागवानी में काफी मदद मिलेगी।
मंडी न आने पर मांगी माफी
मौसम खराब होने की वजह से मंडी नहीं पहुंच पाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवा कार्यकर्ताओं से माफी भी मांगी। पीएम ने कहा कि क्षमाप्रार्थी हूं कि मौसम खराब होने के कारण आपके बीच नहीं आ सका। हिमाचल आने की बात होती है तो मैं उत्साहित हो उठता हूं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here