Edited By Vijay, Updated: 25 Jun, 2025 11:14 PM

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री की कुर्सी को बचाने के लिए देश पर आपातकाल को थोपा।
शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री की कुर्सी को बचाने के लिए देश पर आपातकाल को थोपा। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार संविधान की हत्या की गई, जिसमें लोगों के लोकतांत्रिक अधिकाराें पर प्रहार किया। जयराम ठाकुर ने यहां बयान में आरोप लगाया कि लोकतंत्र की हत्या करने वाले आज संविधान बचाओ यात्रा निकालते फिर रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस आज भी अपनी इस गलती को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है। इसी कारण वर्तमान कांग्रेस सरकार सत्ता में आने पर लोकतंत्र प्रहरी सम्मान राशि को ही बंद करने के लिए विधेयक लाई।
सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर लगा दिया आपातकाल
जयराम ने आरोप लगाया कि आज वर्तमान सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर आपातकाल लगा दिया है, जिस कारण कैंसर जैसी बीमारी से जूझ रहे मरीजों को दवाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि जब इस विषय को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया जाता है तो वह झूठ बोलकर सच्चाई से पल्ला झाड़ लेते हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी अस्पतालों में दवाएं उपलब्ध नहीं हैं तो इसके लिए जिम्मेदारी तय करके कार्रवाई होनी चाहिए।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के कार्यक्रमों की तैयारी में जुटे बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल वीरवार को अपनी टीम के साथ केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के वीरवार को होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटे रहे। उन्होंने खुद आयोजन स्थल होटल पीटरहॉफ जाकर वस्तुस्थिति का जायजा लिया तथा कार्यकर्त्ताओं को उचित दिशा-निर्देश दिए। विधायक बलबीर वर्मा, शिमला शहरी से भाजपा प्रत्याशी रहे संजय सूद, प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, प्रदेश सचिव संजय ठाकुर, कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर, जिला अध्यक्ष केशव चौहान, विजय परमार और राजीव पंडित भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक