Edited By Vijay, Updated: 27 Feb, 2025 07:56 PM

हिमाचल नशे की गिरफ्त में आ गया है। स्थिति यह है कि आए दिन राजधानी शिमला सहित प्रदेशभर में नशे की ओवरडोज से मौतें हो रही हैं। प्रदेश में नशे का कारोबार चरम पर है।
शिमला (हैडली): हिमाचल नशे की गिरफ्त में आ गया है। स्थिति यह है कि आए दिन राजधानी शिमला सहित प्रदेशभर में नशे की ओवरडोज से मौतें हो रही हैं। प्रदेश में नशे का कारोबार चरम पर है। यह बात वीरवार को शिमला से जारी बयान में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे की वजह से लोग जान गंवा रहे हैं। नशे का कारोबार करने वाले पूरी तरह से बेकाबू हैं। नशा माफिया पूरे प्रदेश में तांडव मचा रहा है। जो वर्तमान हालात हैं वह बहुत चिंताजनक और शर्मनाक हैं। प्रदेश में पिछले एक हफ्ते में नशे की ओवरडोज की वजह से 3 युवाओं की दुखद मृत्यु का मामला सामने आ चुका है। यह आधिकारिक तौर पर समाचारों में आया है। असली संख्या और भी ज्यादा है, ऐसे बहुत मामले सामने नहीं आ पाते हैं।
प्रदेश के युवाओं को नशे के मकड़जाल में नहीं फंसने दे सकते
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार नशे के कारोबार पर कड़ा प्रहार करे। भारतीय जनता पार्टी नशे के खिलाफ लड़ाई के लिए सरकार का पूरा साथ देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश से नशे की विदाई होनी चाहिए और नशा माफिया का साम्राज्य नष्ट होना चाहिए। इसके लिए विपक्ष सरकार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। हम अपने प्रदेश के युवाओं को नशे के मकड़जाल में नहीं फंसने दे सकते हैं। भाजपा नशे के उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध है। 19 जुलाई 2024 को ऊना में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्य समिति में नशे के खिलाफ प्रभावी लड़ाई का प्रस्ताव भी पास किया है।
नशा माफिया को मिल रहा राजनीतिक संरक्षण
जयराम ठाकुर ने कहा कि जब से व्यवस्था परिवर्तन वाली सुख की सरकार आई है प्रदेश में नशे का आतंक बेकाबू हो गया है। उसके पीछे नशा माफिया को मिल रहा राजनीतिक संरक्षण है। संरक्षण की वजह से प्रशासन भी कई बार अपना काम ठीक से नहीं कर पाता है। ऐसा एक बार नहीं बार-बार देखने को मिला। जब प्रदेश में किसी भी प्रकार की माफिया के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करने की सोची तो राजनीतिक दखल उसमें आड़े आया। हाल ही में नशा माफिया इतना पनप रहा है कि इसमें पुलिस से लेकर अधिकारी कानून के रखवाले भी सामने आए हैं।
नशे पर सरकार की चुप्पी क्यों?
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नशे पर सरकार क्यों चुप्पी साधे हुए है? नशा माफिया बढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री ने उस बारे में भी कोई स्थिति स्पष्ट नहीं की। हाल ही में पुलिस की कार्रवाई पर कांग्रेस के कुछ नेताओं ने सवाल उठाए। आला पुलिस अधिकारियों की निष्ठा पर भी सवाल उठाए गए। हैरानी इस बात की है कि इस पर भी सरकार खामोश रही। पुलिस के ऊपर इस तरह से उंगली उठाने वाले नेताओं पर सरकार की खामोशी से इस लड़ाई में हमारा ही नुक्सान होगा। मुख्यमंत्री प्रदेश के लोगों को इस बात का भरोसा दिलाएं कि किसी भी सूरत-ए-हाल में एक भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा।
फेमस होने के लिए प्रधानमंत्री के खिलाफ बोलते हैं कांग्रेसी नेता
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं में अब खुद को दिखाने की एक होड़ मची है, इसलिए वे ऐसा बयान देते हैं जिससे कांग्रेस आलाकमान की नजर और चर्चा में आ जाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उनके सेवाकाल में भारत का कद दुनिया में बहुत ऊंचा हुआ। उनके नेतृत्व में देश ने ऐतिहासिक तरक्की की है। दुनिया भर में उन्हें जो मान-सम्मान मिला है, वही उनके कद को बताने के लिए पर्याप्त है। इसलिए मशहूर होने के लिए कांग्रेस के नेताओं को उलटी-सीधी बातें बंद करनी चाहिए।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here