Edited By Kuldeep, Updated: 17 Mar, 2026 07:39 PM

जिला सिरमौर में जल शक्ति विभाग की लिफ्ट इरिगेशन योजनाओं से मोटरें, कॉपर केबल व अन्य सामान चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नाहन (आशु): जिला सिरमौर में जल शक्ति विभाग की लिफ्ट इरिगेशन योजनाओं से मोटरें, कॉपर केबल व अन्य सामान चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने हिमाचल के साथ हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी दबिश दी। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना नाहन में 28 फरवरी को सहायक अभियंता, जल शक्ति विभाग उपमंडल नाहन की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि मालोंवाला भुड़, कून और खजूरना स्थित पंप हाऊसों से मोटरें, गेट वाल्व, कॉपर केबल और पाइप फिटिंग का सामान चोरी हो गया है। इस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिरमौर और उप पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशों पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया, जिसमें साइबर टीम, क्यूआरटी और गुप्त सूत्रों की मदद ली गई। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद अपने ठिकाने बदलकर छिपे हुए थे और लोकेशन ट्रैक होने के डर से अपने मोबाइल फोन भी बंद रखे हुए थे।
पुलिस टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर यमुनानगर, जगाधरी, बिलासपुर, मिर्जापुर (यूपी), ताजेवाला, छछरोली व प्रताप नगर सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर इन्हें पकड़ने में सफलता हासिल की। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने अलग-अलग दिनों में पंप हाऊसों को निशाना बनाकर कॉपर वायर, टूल, एटीएस स्टार्टर, गेट वाल्व, 3 फेज 3 एचपी की 5 मोटरें और 5 एचपी की एक मोटर चोरी की थी। 3 आरोपियों अर्पण, विशाल और सुलेमान को 17 मार्च को नियमानुसार गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य 2 को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।
अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े आरोपियों के तार
पुलिस द्वारा इस मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए आरोपियों में प्रिंस कुमार (19) पुत्र अजय कुमार निवासी गांव कुंजा मतरालियों तहसील पांवटा साहिब, हाल निवासी गांव रुखड़ी डाकघर शंभूवाला तहसील नाहन, गगन (21) पुत्र बलिंद्र निवासी गांव बंगाला बस्ती डाकघर माजरा तहसील पांवटा साहिब, सुलेमान उर्फ गोला (20) पुत्र धर्मेंद्र निवासी गांव ताजेवाला तहसील खिदराबाद जिला यमुनानगर हरियाणा, विशाल उर्फ गाफू (23) पुत्र कुका निवासी गांव रुखड़ी डाकघर शंभूवाला तहसील नाहन और अर्पण (21) पुत्र गब्बर निवासी गांव ताजेवाला तहसील खिदराबाद जिला यमुनानगर हरियाणा शामिल हैं।
एसपी सिरमौर एनएस नेग का कहना है कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं, चोरी का सामान कहां बेचा गया और वारदात को अंजाम देने में किस वाहन का इस्तेमाल किया गया। मामले में अभी और भी खुलासे होने की संभावना है।