Edited By Kuldeep, Updated: 15 Mar, 2026 08:35 PM

नादौन प्रैस क्लब के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप शर्मा (57) निवासी गांव बेला की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई है। प्रदीप शनिवार रात अपने दोस्त टैक्सी यूनियन नादौन के पूर्व प्रधान परविंदर कटोच के साथ क्रिकेट स्टेडियम के निकट एक दुकान के लैंटर से...
नादौन (जैन): नादौन प्रैस क्लब के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप शर्मा (57) निवासी गांव बेला की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई है। प्रदीप शनिवार रात अपने दोस्त टैक्सी यूनियन नादौन के पूर्व प्रधान परविंदर कटोच के साथ क्रिकेट स्टेडियम के निकट एक दुकान के लैंटर से सीढ़ियां उतर रहे थे, जहां से अचानक पैर फिसलने के कारण दोनों नीचे आ गिरे। इस दुर्घटना में परविंदर कटोच को चोटें आई हैं। कटोच ने बताया कि रात करीब साढ़े 9 बजे यह दुर्घटना हुई और एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में दोनों नीचे आ गिरे, जिसमें प्रदीप शर्मा सीमैंटिड गली पर सिर के बल गिरे जिससे उन्हें सिर में गहरी चोट लगी थी। सूचना मिलते ही गांव के युवाओं ने दोनों घायलों को तुरंत नादौन अस्पताल पहुंचाया, जहां प्रदीप शर्मा को मृत घोषित कर दिया गया और कटोच को टांडा रैफर कर दिया गया।
परिजनों ने की मामले में जांच की मांग
हालांकि शर्मा के परिजनों ने मौत के कारणों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मौके पर 3-4 लोग और भी उपस्थित थे। प्रदीप शर्मा के भाई एवं वरिष्ठ भाजपा नेता पवन शर्मा व ग्रामीणों ने भी पुलिस प्रशासन से शर्मा की मृत्यु पर जांच की गुहार लगाई है। रविवार सुबह एएसपी हमीरपुर राजेश शर्मा व डीएसपी नादौन गौरवजीत सिंह आईपीएस ने स्वयं मौके पर पहुंच कर गहन निरीक्षण किया और उनकी उपस्थिति में फोरैंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए।
पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम करवा कर इसे परिजनों को सौंप दिया। रविवार दोपहर भारी संख्या में उपस्थित लोगों ने बेला के मोक्ष धाम में प्रदीप शर्मा को अंतिम विदाई दी गई। उनके बेटे बिशु ने पिता की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी। इस दौरान पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री सहित अन्य नेता व गण्यमान्य सदस्य उपस्थित रहे। शर्मा अपने पीछे पत्नी, बेटी व बेटा छोड़ गए हैं। इस संबंध में एएसपी राजेश शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज करके सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आरंभ कर दी गई है।