Edited By prashant sharma, Updated: 29 Jun, 2020 12:02 PM
दो बच्चों की मां ने ससुराल में ही फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली है। मामले में पुलिस ने सास, ससुर, देवर और ननद को हिरासत में लिया है।
शिमला : दो बच्चों की मां ने ससुराल में ही फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली है। मामले में पुलिस ने सास, ससुर, देवर और ननद को हिरासत में लिया है। सभी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। हालांकि पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। रविवार देर शाम परिजन गंभीर अवस्था में उसे आईजीएमसी ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान 32 वर्षीय पिंकी देवी पत्नी राहुल के रूप में हुई है। महिला की वर्ष 2014 में शादी हुई थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस आईजीएमसी पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू की। मृतका का मायके बालूगंज थाने के तहत घनाहट्टी में है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर उनकी बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला के भाई विकास ने शिकायत दी है कि ससुराल वालों की मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना को वह बर्दाश्त नही कर पाई और तंग आकर फांसी लगा ली। एसपी ओमा पति जंबाल ने पुष्टि करते हुए सोमवार को बताया कि शुरुआती छानबीन में यह आत्महत्या का मामला पाया गया है।
अभी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। घटनास्थल का फोरेंसिक टीम ने जायज लेकर साक्ष्य एकत्रित किये हैं। ढली थाना में आईपीसी की धाराओं 306 व 498 ए के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतक महिला के सास-ससुर, देवर और ननद को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। शिमला में एक महीने के भीतर खुदकुशी के यह पांचवां मामला है। दो दिन पहले उपनगर टूटू में टैक्सी चालक ने जंगल में फंदा लगाकर जान दी थी।