Edited By Swati Sharma, Updated: 16 Mar, 2026 01:33 PM

Mandi News : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरधवार गांव में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ रिहायशी इलाके के समीप बने पानी के टैंक में गिर गया। 15 फीट गहरे टैंक में फंसी मादा तेंदुए को वन विभाग की टीम ने एक सुनियोजित ऑपरेशन के जरिए...
Mandi News : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरधवार गांव में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ रिहायशी इलाके के समीप बने पानी के टैंक में गिर गया। 15 फीट गहरे टैंक में फंसी मादा तेंदुए को वन विभाग की टीम ने एक सुनियोजित ऑपरेशन के जरिए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस पूरे रेस्क्यू का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है।
आधा फीट पानी और 15 फीट की दीवार बनी बाधा
जानकारी के अनुसार, यह तेंदुआ टैंक में जा गिरा था। टैंक में लगभग आधा फीट पानी था, जिससे तेंदुए के डूबने का खतरा तो नहीं था, लेकिन ऊंची दीवारों के कारण वह बाहर निकलने में असमर्थ था। सुबह जब ग्रामीणों ने टैंक के भीतर तेंदुए के दहाड़ने की आवाज सुनी, तो तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग और वन्यजीव बचाव दल मौके पर पहुंचा। सबसे बड़ी चुनौती मौके पर जमा हुई ग्रामीणों की भारी भीड़ थी। टीम ने सबसे पहले सुरक्षा घेरा तैयार किया ताकि रेस्क्यू के दौरान तेंदुआ किसी पर हमला न कर दे। इसके बाद विशेष उपकरणों और सीढ़ी की मदद से तेंदुए को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई।
जांच में स्वस्थ पाई गई 'मादा' तेंदुआ
सफलतापूर्वक रेस्क्यू करने के बाद वन्यजीव विशेषज्ञों और पशु चिकित्सकों ने तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में पाया गया कि यह करीब 3 से 5 वर्ष की 'मादा' उप-वयस्क तेंदुआ है। गनीमत यह रही कि इतने ऊंचे टैंक में गिरने के बावजूद उसे कोई आंतरिक या बाहरी चोट नहीं आई थी और वह पूरी तरह स्वस्थ पाई गई। वन विभाग अधिकारी ने कहा, "स्थानीय ग्रामीणों के धैर्य और सहयोग से यह रेस्क्यू सफल रहा। तेंदुआ पूरी तरह सुरक्षित है और उसे उचित प्रक्रिया के बाद सुरक्षित पर्यावास में छोड़ दिया जाएगा।"
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें