Edited By Kuldeep, Updated: 27 Dec, 2025 10:56 PM

विजीलैंस विभाग द्वारा धोखाधड़ी और दस्तावेजों की जालसाजी के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी डा. विवेक शर्मा को पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद शनिवार को अदालत में पेश किया गया।
मंडी (रजनीश): विजीलैंस विभाग द्वारा धोखाधड़ी और दस्तावेजों की जालसाजी के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी डा. विवेक शर्मा को पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद शनिवार को अदालत में पेश किया गया। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश जारी किए हैं। आरोपी डा. विवेक शर्मा निवासी बसंतपुर सरकाघाट पर आरोप है कि उसने ईडब्ल्यूएस का जाली प्रमाण पत्र तैयार कर आयुर्वेद विभाग में सरकारी नौकरी हासिल की थी। शिकायत मिलने पर विजीलैंस ने जांच शुरू की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद 6 मई, 2025 को विजीलैंस में आरोपी के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कानूनी रास्ते अपनाए। पहले हाईकोर्ट ने आरोपी की जमानत याचिका को खारिज किया था जिसके बाद उसने उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया लेकिन वहां भी याचिका खारिज हो गई। इसके बाद आरोपी को विजीलैंस ने गिरफ्तार कर लिया। विजीलैंस मंडी एसपी सचिन हिरेमठ ने बताया कि विजीलैंस अब मामले से जुड़े अन्य दस्तावेजों और साक्ष्यों की गहनता से पड़ताल कर रही है।