Kullu: रोहतांग, बारालाचा व शिंकुला दर्रे में भारी हिमपात, दारचा में फंसे लेह जाने वाले वाहन

Edited By Kuldeep, Updated: 06 Oct, 2025 05:43 PM

manali rohtang baralacha shinkula snow

रोहतांग सहित बारालाचा व शिंकुला दर्रे में रविवार रात से भारी हिमपात हो रहा है। इन दर्रों में 1 फुट से अधिक हिमपात हो चुका है।

मनाली (सोनू): रोहतांग सहित बारालाचा व शिंकुला दर्रे में रविवार रात से भारी हिमपात हो रहा है। इन दर्रों में 1 फुट से अधिक हिमपात हो चुका है। हिमपात के कारण लेह व जांस्कर जाने वाले वाहन दारचा में फंस गए हैं, जबकि लेह से मनाली आ रहे वाहनों के पहिए भी उपसी व सरचू में थम गए हैं। रविवार को हिमपात का क्रम शुरू हुआ था, लेकिन रोहतांग दर्रे की बजाय वाहन शिंकुला व बारालाचा दर्रे में हिमपात कम होने से अपने गंतव्यों की ओर रवाना हो गए थे। सोमवार को हिमपात की रफ्तार तेज होने से आवाजाही ठप्प हो गई है।

लेह-लद्दाख जाने वाले वाहन चालकों सहित पर्यटकों की मदद के लिए सरचू में स्थापित अस्थायी चौकी को लाहौल-स्पीति पुलिस ने दारचा में स्थापित कर दिया है। हिमपात की रफ्तार तेज होती देख पुलिस जवान सरचू से दारचा आ गए हैं। पुलिस चौकी के हटने से लेह-लद्दाख की ओर सफर करने वालों के लिए अब जोखिम बढ़ गया है। हालांकि सरचू में कुछेक ढाबे व बीआरओ का अस्थायी ट्रांजिट कैप अभी सहारा बने हुए हैं, लेकिन अब पुलिस चौकी नहीं होने से वाहन चालकों को अधिक सावधानीपूर्वक लेह मार्ग पर सफर करना होगा।

पर्यटकों के लिए रोहतांग बंद
पर्यटकों की पहली पसंद रहने वाले रोहतांग दर्रे में सोमवार को वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। सभी वाहनों को गुलाबा में रोक दिया गया। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि रोहतांग दर्रे में भारी हिमपात हो रहा है। उन्होंने पर्यटकों से आग्रह किया कि पर्यटन स्थल गुलाबा से आगे न जाएं। उन्होंने बताया कि दर्रे पर पर्यटकों की आवाजाही मौसम पर निर्भर रहेगी।

लाहौल घाटी में सेब की फसल पर आफत बनी बर्फबारी
लाहौल घाटी में सेब की फसल के लिए बर्फ के फाहे आफत बन गए हैं। हिमपात होने से सेब से लदे पेड़ों की टहनियां टूटने का खतरा बढ़ गया है। बागवान कालजंग, पलजोर, अशोक व दोरजे ने बताया कि घाटी में लगातार बर्फबारी बागवानों की परेशानी बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि पहले बरसात के कारण सब्जियां मंडियों में नहीं पहुंच पाईं और अब हिमपात उनकी दिक्कत को बढ़ा रहा है।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!