Edited By Vijay, Updated: 05 Mar, 2026 02:56 PM

सिरमौर जिला के नाहन वन मंडल के तहत आने वाली सतीवाला पंचायत के जोगीबन इलाके में हुई तेंदुए की मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
नाहन (आशु): सिरमौर जिला के नाहन वन मंडल के तहत आने वाली सतीवाला पंचायत के जोगीबन इलाके में हुई तेंदुए की मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तेंदुए के साथ हुई क्रूरता का खुलासा होने के बाद वन विभाग ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फार्म हाऊस मालिक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि तेंदुए पर धारदार हथियारों से हमला किया गया था।
23 फरवरी को मिला था घायल तेंदुआ
डीएफओ नाहन अवनी भूषण राय ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 23 फरवरी को विभाग को सूचना मिली थी कि जोगीबन क्षेत्र में एक कलवर्ट (पुलिया) के नीचे एक तेंदुआ छिपा हुआ है। उस समय एक वीडियो भी वायरल हुआ था जिसमें कुछ कुत्ते तेंदुए पर हमला करते नजर आ रहे थे। सूचना मिलते ही वन विभाग और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को रैस्क्यू किया। उसकी हालत बेहद नाजुक थी, जिसे देखते हुए उसे तत्काल उपचार के लिए वन्यजीव रिहैबिलिटेशन सैंटर, टूटीकंडी (शिमला) भेजा गया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद उपचार के दौरान तेंदुए ने दम तोड़ दिया।
पोस्टमार्टम में हुआ बर्बरता का खुलासा
तेंदुआ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत शैड्यूल-वन की संरक्षित प्रजाति में आता है, इसलिए प्रोटोकॉल के तहत उसका पोस्टमार्टम करवाया गया। 25 फरवरी को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सबको चौंका दिया। रिपोर्ट के अनुसार मृतक मादा तेंदुआ की उम्र करीब 2 साल थी। उसके शरीर पर कुत्तों के काटने के निशान थे। सबसे गंभीर बात यह थी कि उसके पैर पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया था। तेंदुए की कुल 18 उंगलियों में से 4 उंगलियां गायब (कटी हुई) पाई गईं।
सीसीटीवी फुटेज बना अहम सबूत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का शक गहराने पर वन विभाग ने विशेष जांच टीम गठित की। जांच की सुई शक्ति और बंटी नामक व्यक्तियों के फार्म हाऊस की तरफ घूमी। विभाग ने जब फार्म हाऊस के सीसीटीवी खंगाले, तो पूरी सच्चाई सामने आ गई। फुटेज में दिखा कि फार्म हाऊस मालिक शक्ति और उसका कर्मचारी नीरज हाथों में दरात और कुल्हाड़ी लेकर एक बाड़े के अंदर घुसते हैं। इसके करीब 10-15 सैकेंड बाद ही तेंदुआ वहां से गहरे सदमे और घबराहट की हालत में बाहर निकलता दिखाई देता है।
अदालत ने आरोपियों की दी सशर्त जमानत
सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के पुख्ता सबूतों के आधार पर वन विभाग ने दोनों आरोपियों (शक्ति और नीरज) को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की गई, लेकिन अदालत ने उन्हें सशर्त जमानत दे दी। अब इस मामले में पुलिस ने भी हस्तक्षेप किया है और आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब वन विभाग और पुलिस मिलकर मामले की आगे की तफ्तीश कर रहे हैं।
क्या कहते हैं डीएफओ अवनी भूषण
वन मंडल नाहन के डीएफओ अवनी भूषण ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तेंदुए के शरीर पर कुत्तों के काटने के निशान और उसके पैर पर धारदार हथियार से हमला होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि तेंदुए के पैरों में कुल 18 नाखून होते हैं, जिसमें से अगले पैर से 4 नाखून गायब थे, जो किसी धारदार हथियार से काटे गए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गोट फार्म हाऊस मालिक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच जारी है। इस संदर्भ में पुलिस में भी एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
मामले में जांच जारी : एसपी
उधर, इस मामले में एसपी सिरमौर एनएस.नेगी ने बताया कि वन विभाग की शिकायत पर थाना सदर नाहन में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा 9, 39 और 51 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here