Mandi: देव विदाई के साथ अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव संपन्न, राजदेवता माधवराय की अगुवाई में निकली अंतिम जलेब

Edited By Vijay, Updated: 22 Feb, 2026 08:55 PM

international mahashivratri festival concludes with farewell to the deity

देवी-देवताओं की विदाई के साथ रविवार को 7 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव संपन्न हो गया। अंतिम जलेब (शोभायात्रा) राजदेवता माधवराय की अगुवाई में निकली।

मंडी (फरेंद्र): देवी-देवताओं की विदाई के साथ रविवार को 7 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव संपन्न हो गया। अंतिम जलेब (शोभायात्रा) राजदेवता माधवराय की अगुवाई में निकली। समापन समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने की। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी जानकी शुक्ल भी उपस्थित रहीं। इससे पहले राज्यपाल ने ऐतिहासिक माधवराय मंदिर, बाबा भूतनाथ और टारना में बड़ा देव कमरुनाग की पूजा-अर्चना की। जलेब के दौरान राज्यपाल और उनकी धर्मपत्नी ने पारंपरिक पगड़ी धारण कर जनता का आत्मीय स्वागत स्वीकार किया। समापन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह मेला हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आस्था और परंपराओं का जीवंत प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि शिवरात्रि केवल पर्व नहीं, बल्कि तपस्या, भक्ति और आत्मचिंतन का प्रतीक है। 

PunjabKesari

राज्यपाल ने मेला समिति को सौंपा शिवरात्रि महोत्सव का ध्वज 
भगवान शिव को सृजन और संहार का प्रतीक बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि त्रिशूल सत्य, धर्म और न्याय का संदेश देता है, जबकि डमरू सृजन-विनाश के शाश्वत चक्र का प्रतीक है। हिमाचल को देवभूमि बताते हुए उन्होंने ‘छोटी काशी’ मंडी की आध्यात्मिक परंपरा और प्राचीन मंदिरों की सराहना की। इससे पूर्व डीसी अपूर्व देवगन ने राज्यपाल का स्वागत किया और सप्ताह भर चले कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत किया। राज्यपाल ने शिवरात्रि महोत्सव का ध्वज मेला समिति को सौंपकर औपचारिक समापन की घोषणा की। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, विधायक चंद्रशेेखर आजाद, अनिल शर्मा, इंद्र सिंह, दीप राज, विनोद कुमार, पूर्ण चंद ठाकुर, दलीप ठाकुर सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

जब जलेब में जयराम ने समर्थकों को नारे लगाने से टोका
अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के अंतिम दिन निकली भव्य जलेब के दौरान उस समय एक भावुक और अनुकरणीय दृश्य देखने को मिला, जब भीड़ में मौजूद कुछ समर्थकों ने नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समर्थन में नारे लगाने शुरू कर दिए। जलेब जैसे ही आगे बढ़ी और देव धुनों के बीच माहौल भक्तिमय बना हुआ था, तभी समर्थकों की ओर से जयराम ठाकुर के पक्ष में नारे गूंजने लगे। इस पर जयराम ठाकुर ने तुरंत हाथ के इशारे से नारेबाजी रोकने का संकेत दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आज का दिन राजनीति का नहीं, बल्कि भगवान माधवराय का है।

विधायक चंद्रशेखर ने मां-बेटी को दिलवाई यादगार तस्वीर की अनुमति
महाशिवरात्रि महोत्सव की भव्य जलेब के दौरान आस्था और उत्साह के बीच एक मानवीय क्षण ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। जलेब के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी और आम श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने से रोका जा रहा था। इसी दौरान धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ठाकुर की नजर एक माता और उसकी छोटी बेटी पर पड़ी, जो उनके साथ फोटो खिंचवाने की इच्छा लेकर खड़ी थीं। विधायक ने तुरंत सुरक्षा में तैनात जवानों से कहा कि मां-बेटी को आने दिया जाए, उन्हें फोटो खिंचवाना है। विधायक के निर्देश के बाद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें आगे आने की अनुमति दी।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!