Kangra : फतेहपुर में जागरूकता कार्यक्रम, वरिष्ठ नागरिकों को सिखाए डिजिटल लेनदेन के गुर

Edited By Swati Sharma, Updated: 20 Mar, 2026 04:15 PM

in fatehpur senior citizens were taught the tricks of digital transactions

Kangra (राहुल राणा) : डिजिटल युग में बढ़ती ऑनलाइन सेवाओं और साइबर धोखाधड़ी के जोखिम को देखते हुए फतेहपुर में वरिष्ठ नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तहत जिला कल्याण...

Kangra (राहुल राणा) : डिजिटल युग में बढ़ती ऑनलाइन सेवाओं और साइबर धोखाधड़ी के जोखिम को देखते हुए फतेहपुर में वरिष्ठ नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तहत जिला कल्याण अधिकारी, कांगड़ा द्वारा “डिजिटल और वित्तीय साक्षरता” विषय पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया।

ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की दी गई जानकारी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तहसीलदार फतेहपुर दीपक शर्मा रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डिजिटल उपकरणों के माध्यम से सुरक्षित तरीके से पैसे का प्रबंधन करना और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचना आज के समय की आवश्यकता बन गया है। उन्होंने बताया कि सही तकनीकी ज्ञान से लोग घर बैठे ही अनेक सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सभी वर्गों के लिए उपयोगी साबित होते हैं। पंजाब नेशनल बैंक, फतेहपुर शाखा से यासिर जमील और जिया ने प्रतिभागियों को UPI, मोबाइल बैंकिंग और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए सुरक्षित लेनदेन, बजट प्रबंधन, निवेश के तरीके तथा ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उप-डाकघर फतेहपुर से रोहित शर्मा और सूरज पठानिया ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध सावधि जमा योजनाओं, विशेष ब्याज दरों और वित्तीय प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने तकनीक के सही उपयोग पर भी जोर दिया।

PunjabKesari

विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की भी दी गई जानकारी

नागरिक अस्पताल फतेहपुर से हेल्थ एजुकेटर राजेंद्र धीमान ने वरिष्ठ नागरिकों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और पर्याप्त नींद के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सामाजिक जुड़ाव, मानसिक सक्रियता, नियमित स्वास्थ्य जांच और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाकर मधुमेह, हृदय रोग और गठिया जैसी बीमारियों से बचाव संभव है। इस दौरान अस्पताल कर्मियों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। कार्यक्रम में तहसील कल्याण अधिकारी नूरपुर अक्षय कुमार और तहसील कल्याण अधिकारी फतेहपुर अनूप सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार वरिष्ठ नागरिकों, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल तकनीक के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना, उन्हें डिजिटल लेनदेन में सक्षम बनाना और वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाना था। इस तरह के प्रयास नकदी रहित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने और समावेशी विकास सुनिश्चित करने में सहायक हैं। यह कार्यक्रम उप-मंडल प्रशासन, बैंक, डाकघर और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!