Edited By Vijay, Updated: 26 Dec, 2025 05:47 PM

राज्य सरकार ने वर्ष 2008 बैच की आईएएस अधिकारी राखिल काहलों को हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एचपीपीएससी) का सदस्य नियुक्त किया है। इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से मुख्य सचिव संजय गुप्ता द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है।
शिमला (भूपिन्द्र): राज्य सरकार ने वर्ष 2008 बैच की आईएएस अधिकारी राखिल काहलों को हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एचपीपीएससी) का सदस्य नियुक्त किया है। इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से मुख्य सचिव संजय गुप्ता द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है। नियुक्ति के साथ ही प्रशासनिक और नीतिगत मामलों में उनके लंबे अनुभव का लाभ आयोग को मिलेगा।
अधिसूचना के अनुसार आईएएस अधिकारी राखिल काहलों राज्य लोक सेवा आयोग में सदस्य पद पर 6 वर्ष अथवा 62 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक (जो भी पहले होगा) कार्यरत रहेंगी। वर्तमान में राखिल काहलों राज्य सरकार में सचिव, जल शक्ति विभाग के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन, नीति निर्धारण और प्रशासनिक सुधारों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
आईएएस अधिकारी राखिल काहलों 31 जनवरी, 2026 को सेवानिवृत्त होने वाली हैं। सेवानिवृत्ति से पूर्व उन्हें राज्य लोक सेवा आयोग जैसी संवैधानिक संस्था में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने को सरकार का एक अहम प्रशासनिक निर्णय माना जा रहा है। इससे पहले वह विभिन्न विभागों में महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं। राखिल काहलों मंडलायुक्त मंडी, सचिव आयुष विभाग, हिमाचल प्रदेश राज्य स्कूली शिक्षा बोर्ड धर्मशाला, सचिव डिजिटल टैक्नोलॉजी एवं गवर्नैंस जैसे विभिन्न पदों पर दायित्व निभा चुकी हैं।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग एक संवैधानिक संस्था है, जिसका मुख्य कार्य राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के लिए राजपत्रित और कुछ अराजपत्रित पदों पर भर्ती के लिए परीक्षाएं और साक्षात्कार आयोजित करना है। राखिल काहलों अब इस प्रक्रिया का एक अहम हिस्सा होंगी।