Edited By Swati Sharma, Updated: 18 Feb, 2026 12:51 PM

HP Rajya Sabha Election: हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की एक रिक्त हो रही सीट के लिए चुनावी बिगुल बज गया है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इस सीट के लिए 16 मार्च को मतदान होगा। भाजपा सांसद इंदु बाला गोस्वामी का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026...
HP Rajya Sabha Election: हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की एक रिक्त हो रही सीट के लिए चुनावी बिगुल बज गया है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इस सीट के लिए 16 मार्च को मतदान होगा। भाजपा सांसद इंदु बाला गोस्वामी का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है, जिसके चलते इस उच्च सदन की सीट को भरने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
चुनाव का पूरा कार्यक्रम
भारतीय निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चुनाव के लिए 26 फरवरी को आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी, जिसके साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। चुनाव आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक, उम्मीदवार 5 मार्च तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद, 9 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। 16 मार्च को सुबह से मतदान होगा और उसी दिन शाम 5:00 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी।
क्यों हो रहा है चुनाव?
हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सांसद इंदु बाला गोस्वामी (भाजपा) का छह वर्षीय कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को पूरा हो रहा है। उनके सेवानिवृत्त होने से खाली हो रही इस सीट को भरने के लिए यह प्रक्रिया अपनाई जा रही है। बता दें कि वर्तमान में 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 40 और भाजपा के पास 28 विधायक हैं। संख्या बल के आधार पर पलड़ा कांग्रेस का भारी नजर आ रहा है, लेकिन 2024 के चुनाव में हुई 'क्रॉस वोटिंग' की घटना को देखते हुए राजनीतिक गलियारे सतर्क हैं।
कांग्रेस की ओर से संभावित उम्मीदवारों की सूची में तीन प्रमुख नाम चर्चा में हैं:
आनंद शर्मा: पूर्व केंद्रीय मंत्री
प्रतिभा सिंह: पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
रजनी पाटिल: प्रदेश कांग्रेस प्रभारी
पिछली हार से सबक लेगी कांग्रेस?
गौरतलब है कि साल 2024 में भी एक राज्यसभा सीट के लिए चुनाव हुए थे। इस दौरान कांग्रेस को बड़ा झटका लगा था। तब कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी को अपने ही विधायकों की क्रॉस वोटिंग के कारण हार झेलनी पड़ी थी और भाजपा के हर्ष महाजन विजयी हुए थे। इस बार कांग्रेस नेतृत्व अपनी रणनीति को लेकर फूंक-फूंक कर कदम रख रहा है।