Edited By Kuldeep, Updated: 19 Feb, 2025 04:26 PM

गगरेट के आशादेवी-अंबोटा सड़क मार्ग पर पुलिया के नीचे मिली अज्ञात महिला की नग्न लाश के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। अज्ञात महिला की हत्या रस्सी से गला घोंट कर की गई थी।
गगरेट (बृज): गगरेट के आशादेवी-अंबोटा सड़क मार्ग पर पुलिया के नीचे मिली अज्ञात महिला की नग्न लाश के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। अज्ञात महिला की हत्या रस्सी से गला घोंट कर की गई थी। मौके पर पहुंची आरएफएसएल टीम ने मृतका के गले से रस्सी लिपटी बरामद की है। महिला का शव बुरी तरह से सड़ गया है। आरएफएसएल मान कर चल रही है कि महिला की हत्या करीब एक माह पहले हुई है और उसे कहीं और मार कर यहां लाश को ठिकाने लगाया गया है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि अज्ञात हत्यारे महिला की हत्या करके नग्न अवस्था में पुलिया के नीचे क्यों छुपा कर गए। अकेला व्यक्ति मृतक का शरीर खींच कर उस पाइप तक नहीं पहुंचा सकता, जहां पर यह शव बरामद हुआ है। ऐसे में यह आशंका भी जताई जा रही है कि हत्यारे एक से अधिक हो सकते हैं। पुलिस को शक है कि अज्ञात महिला पंजाब की हो सकती है और हत्यारे इसे मार कर ही शव को ठिकाने लगाने के लिए यहां लाए होंगे। इस मामले का पटाक्षेप करने में पुलिस के आगे सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि महिला का चेहरा पहचाना नहीं जा पा रहा है।
ऐसे में जब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो जाती, तब तक हत्यारों तक पहुंचना भी असंभव सा है। बहरहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही यह खुलासा होगा कि मृतका के साथ दुष्कर्म हुआ है या नहीं। पुलिस पंजाब के पुलिस थानों से भी संपर्क कर रही है, ताकि वहां पर गुमशुदगी का अगर कोई मामला है तो उसके आधार पर शव की शिनाख्त हो सके। डीएसपी अम्ब डा. वसुधा सूद ने बताया कि मृतका के गले से रस्सी बरामद हुई है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।