Edited By Vijay, Updated: 30 Jun, 2023 07:41 PM

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को सत्ता-संगठन के कामकाज के साथ ही प्रदेश के ताजा सियासी घटनाक्रम से अवगत करवाया।
शिमला (राक्टा): उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को सत्ता-संगठन के कामकाज के साथ ही प्रदेश के ताजा सियासी घटनाक्रम से अवगत करवाया। उपमुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को जानकारी दी कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने जो 10 गारंटियां दी थीं, उन्हें पूरा करने की दिशा में सरकार काम कर रही है। इसके तहत ओपीएस को बहाल किया जा चुका है। इसी तरह चरणबद्ध तरीके से महिलाओं को हर माह 1500 रुपए देने की दिशा में भी सरकार आगे बढ़ी है, साथ ही अन्य गारंटियों को भी पूरा करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
लोकसभा चुनाव में भी जारी रहेगा कांग्रेस की जीत का सिलसिला
उपमुख्यमंत्री ने मल्लिकार्जुन खरगे को अवगत करवाया कि प्रदेश कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश में कांग्रेस की जीत का सिलसिला लोकसभा चुनाव में भी जारी रहेगा और पार्टी चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। इसके साथ ही उन्होंने अपने विभागों से जुड़े कामकाज के बारे में भी राष्ट्रीय अध्यक्ष को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सार्वजनिक परिवहन को ई-परिवहन के रूप में विकसित किए जाने की दिशा में काम किया जा रहा है। हिमाचल में एचआरटीसी की 1500 डीजल बसों को चरणबद्ध तरीके से ई-बसों में बदला जा रहा है। इलैक्ट्रिक बसों की खरीद के लिए सरकार ने 1 हजार करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया है।
कनार्टक के डिप्टी सीएम से भी की मुलाकात
दिल्ली प्रवास के दौरान मुकेश अग्निहोत्री ने कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से भी मुलाकात की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी। इसके साथ ही कई अन्य नेताओं से भी मुलाकात किए जाने की सूचना है।
मंत्रिमंडल विस्तार पर रखा पक्ष
सूत्रों के अनुसार डिप्टी सीएम ने मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही निगम व बोर्डों में की जाने वाली नियुक्तियों को लेकर भी अपना पक्ष रखा। माना जा रहा है कि प्रदेश में जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। मुख्यमंत्री भी ऐसे संकेत पहले ही दे चुके हैं। इसके साथ ही निगम व बोर्डों में भी जल्द नियुक्तियां किए जाने की चर्चाएं भी जोर पकड़े हुए हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here