Sirmaur: ट्राले की टक्कर से बाइक चालक की मौत, लोगों ने शव सड़क पर रखकर पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी

Edited By Vijay, Updated: 13 Nov, 2025 10:58 PM

death of bike rider after hit by truck people protest against police

सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में बागरन रोड पर स्थित शिवपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद भारी बवाल हो गया। यहां एक तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पांवटा साहिब (कपिल): सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में बागरन रोड पर स्थित शिवपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद भारी बवाल हो गया। यहां एक तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है।

हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि करीब एक घंटे तक भी जब पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो स्थानीय लोगों का सब्र टूट गया। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी और बाइक चालक के शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय विधायक सुखराम चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर प्रदर्शनकारियों को समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन लोग कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। देर रात करीब 10:30 बजे तक भी प्रदर्शन जारी रहा और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि इस क्षेत्र में बेलगाम दौड़ते ट्रालों के कारण आए दिन हादसे होते हैं। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई भी ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते आज एक और जान चली गई। वहीं विधायक सुखराम चौधरी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!