Edited By Vijay, Updated: 20 Dec, 2025 07:10 PM

हिमाचल में बन रहे फोरलेन विकास नहीं, विनाश का रोडमैप है। प्रदेश में चल रहे फोरलेन निर्माण कार्यों में पहले ही व्यापक स्तर पर खामियां उजागर हो चुकी हैं। अवैज्ञानिक कटिंग, घटिया ड्रेनेज और कमजोर रिटेनिंग वाल के कारण जगह-जगह लैंडस्लाइड हो रहे हैं....
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में बन रहे फोरलेन विकास नहीं, विनाश का रोडमैप है। प्रदेश में चल रहे फोरलेन निर्माण कार्यों में पहले ही व्यापक स्तर पर खामियां उजागर हो चुकी हैं। अवैज्ञानिक कटिंग, घटिया ड्रेनेज और कमजोर रिटेनिंग वाल के कारण जगह-जगह लैंडस्लाइड हो रहे हैं, जिससे सटे भवनों के साथ-साथ पूरे गांवों और क्षेत्रों का अस्तित्व खतरे में पड़ता जा रहा है। ये बातें शिमला से जारी बयान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहीं। उन्हाेंने कहा कि अगर सड़क सुरक्षा और जनता की परेशानियों को नजरअंदाज किया जाता है तो पार्टी जनहित में सड़कों से लेकर संसद तक किसी भी संघर्ष से पीछे हटने वाली नहीं। उन्हाेंने चंडीगढ़-शिमला फोरलेन की बदहाल स्थिति को लोकसभा में मजबूती से उठाने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
भाजपा सांसदों को प्रदेश की सुरक्षा, सुविधा और भविष्य से कोई सरोकार नहीं
विनय कुमार ने तीखे शब्दों में कहा कि हिमाचल से चुनकर गए भाजपा सांसदों को प्रदेश की सुरक्षा, सुविधा और भविष्य से कोई सरोकार नहीं है। वह पूरी तरह मूकदर्शक बने हुए हैं। विनय कुमार ने कहा कि चंडीगढ़-शिमला फोरलेन आए दिन लैंडस्लाइड के कारण बाधित रहता है, जिससे आम जनता, पर्यटक, मरीज और आपात सेवाएं बुरी तरह प्रभावित होती हैं। यह सिर्फ अव्यवस्था नहीं, बल्कि लोगों की जान से खिलवाड़ है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रियंका गांधी ने प्रदेश हित में खामियों को बेनकाब किया है और इन गंभीर मुद्दों का त्वरित समाधान किया जाना अनिवार्य है। विनय कुमार ने कहा कि चंडीगढ़-शिमला ही नहीं, बल्कि कीरतपुर-मनाली फोरलेन में भी वही लापरवाही और त्रुटियां दिख रही हैं। इसके बावजूद भाजपा सांसदों की चुप्पी उनकी असंवेदनशीलता को उजागर करती है। इसके उलट प्रियंका गांधी ने हिमाचल के लोगों के दर्द, रोजमर्रा की परेशानी और निर्माण में हो रही घोर कोताही को संसद में पूरी ताकत से उठाया है, इसके लिए प्रदेश कांग्रेस उनका आभार व्यक्त करती है।
फोरलेन निर्माण की गुणवत्ता से न हो समझौता
विनय कुमार ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से आग्रह किया कि हिमाचल में चल रहे फोरलेन निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि रिटेनिंग वाल और ड्रेनेज सिस्टम वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप तत्काल दुरुस्त किए जाएं ताकि बार-बार होने वाले लैंडस्लाइड और जानमाल के संभावित नुक्सान को रोका जा सके।