Edited By Vijay, Updated: 09 Sep, 2023 09:22 PM

मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने शनिवार को करसोग विधानसभा क्षेत्र की आपदा प्रभावित पंचायतों मनोला नराश और कलाशन का दौरा कर नुक्सान और राहत व पुनर्वास कार्यों का जायजा लिया।
करसोग (धर्मवीर): मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने शनिवार को करसोग विधानसभा क्षेत्र की आपदा प्रभावित पंचायतों मनोला नराश और कलाशन का दौरा कर नुक्सान और राहत व पुनर्वास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावितों से मिलकर उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खडी है। सांसद ने मनोला नराश व कलाशन में भूस्खलन से ध्वस्त हुए मकानों का जायजा लेने के बाद प्रभावितों का दुख-दर्द जाना। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन लोगों के मकान पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं और जो बेघर हो गए हैं उनके पुनर्वास के लिए प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देश अनुसार उपयुक्त जगह चिन्हित कर उपलब्ध करवाएं।
प्रतिभा सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से करसोग विधानसभा क्षेत्र में प्राकृतिक आपदा से हुए नुक्सान की रिपोर्ट भी ली। उन्होंने मनोला गांव के लोगों की सड़क मार्ग की हालत सुधार कर गांव के लिए बस सेवा शुरू करने की मांग पर अधिकारियों को इस संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। करसोग दौरे के दौरान सांसद ने विश्राम गृह चिंडी में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं से भी भेंट की। इस अवसर पर पूर्व प्रत्याशी व कांग्रेस नेता महेश राज, कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष पृथ्वी सिंह नेगी, एसडीएम कपिल तोमर, तहसीलदार कैलाश कौंडल और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here