Edited By Vijay, Updated: 22 Nov, 2023 07:21 PM

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्व सरकार पर जमकर निशाने साधे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार आंखें मूंद कर बैठी रही और उसकी नाक के नीचे घोटाले होते रहे।
शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्व सरकार पर जमकर निशाने साधे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार आंखें मूंद कर बैठी रही और उसकी नाक के नीचे घोटाले होते रहे। इसमें स्टोन क्रशर मामले में 100 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ क्योंकि इनके बिना अनुमति चलने से राजस्व को चपत लगी। उन्होंने कहा कि यह सब कुछ लंबे समय से हो रहा है तथा वर्तमान सरकार के 10 माह के कार्यकाल में कई घोटाले सामने आ रहे हैं।
क्रिप्टो करंसी व पेपर लीक जैसे घोटाले सबके सामने
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिप्टो करंसी घोटाले की परतें धीरे-धीरे उधड़ रही हैं तथा वर्तमान सरकार अपनी जमा पूंजी गंवाने वाले लोगों की मदद करने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा अधीनस्थ सेवाएं चयन आयोग हमीरपुर का पेपर लीक घोटाला सबके सामने है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार के समय इन्वैस्टमैंट ड्रेन हुआ तथा निवेश से हिमाचल प्रदेश के लोगों को कोई लाभ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार वर्ष, 2027 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने का प्रयास कर रही है।
सीएम हो या डीजीपी, कानून के सामने सब बराबर
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कारोबारी निशांत मामले में डीजीपी संजय कुंडू पर लगे आरोपों को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कहा कि सीएम हो या डीजीपी कानून के सामने सब बराबर है। उन्होंने कहा कि किसी को गलत आरोप लगाकर फंसाया न जाए, यह सरकार सुनिश्चित कर रही है। ऐसे में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई होगी।
हमने वाइल्ड फ्लावर हाॅल व पोस्ट कोड केस जीता
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान सरकार ने 10 माह में वाइल्ड फ्लवार हाॅल का केस जीता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की संपत्तियों को सरकार लूटने नहीं देगी। इसके अलावा पोस्ट कोड 817 का केस भी जीता है।
वन, पुलिस व जल शक्ति सहित अन्य विभागों में भर्तियां शुरू
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान सरकार वन, पुलिस, जल शक्ति एवं अन्य विभागों में भर्ती प्रक्रिया शुरू कर रही है। इसके तहत वन विभाग में 2061 पद, पुलिस विभाग में 1200 पद और जल शक्ति विभाग में 4500 भर्तियां की जा रही हैं। इसी तरह शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग में भी भर्तियां हो रही हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here