Edited By Vijay, Updated: 20 Aug, 2023 11:19 PM

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने रविवार को राज्यतिथि गृह पीटरहॉफ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के साथ प्रदेश में आपदा से हुए भारी नुक्सान के संबंध में विस्तृत चर्चा की।
शिमला (राक्टा): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने रविवार को राज्यतिथि गृह पीटरहॉफ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के साथ प्रदेश में आपदा से हुए भारी नुक्सान के संबंध में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने राज्य में स्थितियां सामान्य करने के प्रदेश सरकार के प्रयासों को बल देने के लिए केदारनाथ और भुज जैसी त्रासदियों की तर्ज पर वित्तीय सहायता प्रदान करने की अपील की। सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार की वर्तमान राहत नियमावली के अनुरूप वित्तीय प्रावधान हिमाचल प्रदेश में हुए नुक्सान की पूर्ति के लिए अपर्याप्त है। सीएम ने कहा कि हिल्स स्टेट्स के लिए केंद्र सरकार की राहत नियमावली में बदलाव किया जाना चाहिए क्योंकि यहां रिस्टोरेशन के कार्यों में ज्यादा खर्चा आता है। उन्होंने राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदा की गंभीरता को देखते हुए विशेष राहत पैकेज का आग्रह किया।
अंतरिम राहत की पहली किस्त देरी से जारी करने का मामला उठाया
सीएम ने केंद्र सरकार द्वारा अंतरिम राहत की पहली किस्त देरी से जारी करने का मामला भी उठाया। उन्होंने नड्डा और अनुराग ठाकुर से वित्तीय सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया। सीएम ने कहा कि जेपी नड्डा से पूरी उम्मीद है कि वे प्रदेश को विशेष पैकेज उपलब्ध करवाने में मदद करेंगे और प्रदेश का पक्ष केंद्र सरकार के समक्ष सही ढंग से रखेंगे। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रदेश को 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक का नुक्सान हुआ है। केंद्र सरकार द्वारा आकलन टीमें भेजे जाने के बावजूद अंतरिम राहत अभी भी लंबित है।
केंद्र को नुक्सान की रिपोर्ट भेजकर 6700 करोड़ क्लेम किए
सीएम ने कहा कि बीते 10 अगस्त तक प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार को राज्य में हुए नुक्सान की विस्तृत रिपोर्ट भेजकर 6700 करोड़ रुपए क्लेम किए हैं। प्रदेश सरकार रिस्टोरेशन कार्य पर 1800 से 2 हजार करोड़ खर्च चुकी है, ऐसे में केंद्र क्लेम की गई राशि को प्रदान करे।
ये रहे बैठक में मौजूद
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर सांसद सुरेश कश्यप और सिकंदर कुमार, सीएम के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक बलबीर वर्मा, पूर्व विधायक राम लाल मारकंडा, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया सहित गण्यमान्य व्यक्ति और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here