Edited By Vijay, Updated: 20 Nov, 2022 06:41 PM

परवाणु में भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पार्टी ने चुनाव प्रबंधन की दृष्टि से उत्तम कार्य किया है, जिसकी वजह से भारतीय जनता पार्टी पूरे चुनाव में फ्रंट फुट...
परवाणु में चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित
सोलन (ब्यूरो): परवाणु में भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पार्टी ने चुनाव प्रबंधन की दृष्टि से उत्तम कार्य किया है, जिसकी वजह से भारतीय जनता पार्टी पूरे चुनाव में फ्रंट फुट पर रही है। बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, डाॅ. राजीव बिंदल, डाॅ. सिकंदर कुमार, राजीव भारद्वाज, पवन राणा और भाजपा के वरिष्ठ नेता मंगल पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा द्वारा बनाई गई 18 समितियों के अध्यक्षों व कार्यकर्ताओं की पीठ भी थपथपाई गई।
भाजपा नेता मंगल पांडे की योजनाएं महत्वपूर्ण साबित हुईं
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव प्रबंधन में भाजपा नेता मंगल पांडे द्वारा अच्छा कार्य किया गया है और उनकी योजनाएं महत्वपूर्ण साबित हुईं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सभी नीतियों की अच्छी प्लानिंग की और उसकी एग्जीक्यूशन पर भी उत्तम ध्यान दिया है। चुनाव सभ्यता और सहजता के साथ लड़ा और इन चुनावों में भाजपा की ओर से प्रबंधन में कोई कमी नहीं हुई। पूरे प्रदेश में सभी नेताओं द्वारा अच्छा काम किया गया और उनके सभी कार्यक्रम भी अच्छे हुए, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी भी नेता का कार्यक्रम बना और वह रद्द नहीं हुआ, इसको उत्तम प्रबंधन कहते हैं। भाजपा के सभी 18 विभागों ने अच्छा काम किया है। चुनाव सामग्री की दृष्टि से भी प्रदेश में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रही है। भाजपा का कार्यकर्ता घर-परिवार छोड़कर दिन-रात अच्छे चुनाव प्रबंधन के लिए काम कर रहा था, जिसके लिए सभी को विशेषकर बधाई। इस बार हिमाचल प्रदेश में रिवाज बदलना तय है और भाजपा हिमाचल प्रदेश में एक मजबूत सरकार बनाने जा रही है।
सुरेश कश्यप ने किया सरकार बनने का दावा
बैठक के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा ने चुनाव प्रबंधन की दृष्टि से बहुत ही अच्छा कार्य किया है और हिमाचल प्रदेश में भाजपा की एक मजबूत सरकार बनने जा रही है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को इस काम के लिए विशेष बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाजपा एकमात्र राजनीतिक दल है जो 365 दिन काम करता है, जब चुनाव निपटने के बाद सभी पार्टियां सो जाती हैं भाजपा फिर भी काम करती है। इस अवसर पर डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा कि सभी कार्यकत्र्ताओं ने चुनाव प्रबंधन के लिए अच्छा काम किया है और सभी कार्यकर्ता दिन-रात पार्टी को मजबूत करने के बाद काम कर रहे थे। उसका परिणाम अच्छा ही आएगा और हिमाचल प्रदेश में भाजपा की एक मजबूत सरकार बनने जा रही है।
एमसीडी चुनाव के लिए सीएम दिल्ली रवाना
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक बीच में छोड़कर दिल्ली रवाना हो गए। मुख्यमंत्री चुनाव प्रबंधन की बैठक में कुछ ही समय के लिए उपस्थित रहे। दिल्ली नगर निगम में भाजपा के चुनाव प्रचार को लेकर जयराम ठाकुर का दिल्ली जाने का कार्यक्रम पहले से ही तय था। हालांकि मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में चुनाव प्रबंधन कमेटी के कामकाज को लेकर संतोष जताया और सभी 18 कमेटियों के सदस्यों को बधाई भी दी। बाद में बैठक को प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here