Edited By Kuldeep, Updated: 20 Jun, 2025 06:56 PM

पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने श्री नयना देवी विधानसभा के खारसी व निहारखन बासला में विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित किया और जनसमस्याएं सुनीं।
बिलासपुर (राम सिंह): पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने श्री नयना देवी विधानसभा के खारसी व निहारखन बासला में विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित किया और जनसमस्याएं सुनीं। अनुराग सिंह ठाकुर ने बिलासपुर सदर के कुठेड़ा में सड़क निर्माण कार्य की समीक्षा की। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पिछले 11 वर्षों में नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है। मोदी की कुशल आर्थिक नीतियों से भारत 11वें नंबर से चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। देश के 80 करोड़ जरूरतमंदों को 5 किलो राशन व 4 करोड़ गरीबों को पक्का मकान मोदी सरकार ने दिया है। मोदी के निर्णायक नेतृत्व में सशक्त भारत, विकसित भारत निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
विगत 11 वर्षों में मोदी सरकार ने सबका साथ-सबका विकास की भावना से सभी का उत्थान करते हुए 140 करोड़ देशवासियों के जीवन को आसान बनाने का काम किया है। इन 11 सालों में डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसे अभियानों के माध्यम से भारत ने तकनीकी क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है जिससे देश की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है साथ ही देश की सुरक्षा में मजबूती आई है। पी.एम. आवास योजना से लोगों को पक्के घर मिले हैं, उज्ज्वला योजना ने स्वच्छ रसोई गैस का सपना पूरा किया, जनधन योजना ने गरीबों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा और आयुष्मान भारत योजना ने करोड़ों लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी।
मोदी सरकार की जनहितैषी अनगिनत योजनाएं आज हर गरीब का मान-सम्मान और स्वाभिमान बढ़ा रही हैं। सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा मोदी सरकार में मैडीकल कालेजों की संख्या दोगुनी हुई हैं। 2014 में मैडीकल कॉलेजों की संख्या 387 थी, जो 2025 में बढ़कर 780 हो गई। वहीं एमबीबीएस सीटों की संख्या 51,348 से बढ़कर 2024 में 1.18 लाख हो गई हैं। मोदी सरकार ने पिछले 11 सालों में 17.1 करोड़ नई नौकरियां निकालीं। स्टार्टअप्स से 1.61 लाख युवाओं को नौकरी मिली है। स्किल इंडिया मिशन के तहत अब तक 2.27 करोड़ से अधिक युवाओं को ट्रेनिंग दी गई है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा प्रधानमंत्री की अंत्योदय की नीति में गरीबों को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने सुनिश्चित किया है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि आज से प्रधानमंत्री के देश को विकसित भारत बनाने के संकल्प से देश के 140 करोड़ नागरिकों को जोड़ने की शुरुआत हुई है जिसके तहत देश का प्रत्येक नागरिक भी 2047 तक देश को विकसित भारत बनाए जाने का संकल्प में सांझेदार होगा।