Edited By Kuldeep, Updated: 27 Jul, 2025 05:55 PM

संस्कार सोसायटी धर्माणी ने अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता के तहत मंडी जिले में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए 63 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की है।
घुमारवीं (कुलवंत): संस्कार सोसायटी धर्माणी ने अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता के तहत मंडी जिले में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए 63 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की है। यह राशि पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को चैक के माध्यम से भेंट की गई। जय राम ठाकुर ने संस्था के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में इस प्रकार के सहयोग समाज को मजबूती प्रदान करते हैं और पीड़ितों को संबल देते हैं। महेन्द्र धर्माणी ने बताया कि मंडी क्षेत्र में बाढ़ से व्यापक तबाही हुई है और कई परिवारों को अपना घर, रोजगार व जीवन का साधन खोना पड़ा है।
ऐसे समय में हर सक्षम नागरिक व संस्था का यह कर्तव्य बनता है कि वे यथासंभव मदद के लिए आगे आएं। संस्कार सोसायटी विगत कई वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण व आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है। संस्था द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर, पौधारोपण अभियान, गरीब परिवारों को राशन वितरण जैसे कार्य भी किए जाते हैं। संस्था के अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों ने भी राहत प्रयासों के लिए सरकार के साथ सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने समाज के अन्य वर्गों से भी अपील की कि वे आगे आकर इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों की मदद करें।