Edited By Vijay, Updated: 20 Mar, 2026 11:36 PM

जिला ऊना के टाहलीवाल पुलिस थाना के तहत दर्ज 2 अलग-अलग आपराधिक (चोरी के) मामलों में पुलिस ने त्वरित और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने अंतर्राज्यीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए....
टाहलीवाल (गौतम): जिला ऊना के टाहलीवाल पुलिस थाना के तहत दर्ज 2 अलग-अलग आपराधिक (चोरी के) मामलों में पुलिस ने त्वरित और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने अंतर्राज्यीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए दोनों चोरियों को अंजाम देने वाले पंजाब के 3 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जानकारी के अनुसार पहला मामला 14 मार्च को दर्ज किया गया था। शिकायतकर्त्ता अभिषेक शांडिलय (निवासी गांव कलेहड़ा) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि अज्ञात व्यक्तियों ने रात के समय उनकी दुकान का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने गल्ले से लगभग 20,000 रुपए की नकदी और करीब 70,000 रुपए मूल्य का विभिन्न सामान चोरी कर लिया था। चोरी का दूसरा मामला 19 मार्च को सामने आया था। टाहलीवाल निवासी शिकायतकर्त्ता ओमकार सिंह ने पुलिस में मामला पंजीकृत करवाया था कि अज्ञात लोगों ने उनकी दुकान से कोल्ड ड्रिंक की चोरी की है।
दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए थाना टाहलीवाल की पुलिस टीम ने गहन तफ्तीश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मौका-ए-वारदात और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को सुराग मिला कि इन दोनों चोरियों में पंजाब के एक ही गिरोह का हाथ है। पुख्ता सबूतों के आधार पर टाहलीवाल पुलिस ने शुक्रवार को पंजाब के होशियारपुर जिले में दबिश दी और उपरोक्त दोनों मामलों में संलिप्त 3 आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कुलविन्द्र सिंह कौशल (32) निवासी गांव पालेवाल, तहसील व थाना गढ़शंकर, जिला होशियारपुर (पंजाब), करणवीर (24) निवासी गांव पालेवाल, तहसील व थाना गढ़शंकर, जिला होशियारपुर (पंजाब) और हरजिन्द्र कुमार (30) निवासी रेलवे रोड वार्ड नंबर-13, गढ़शंकर, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में की गई है।
पुलिस ने अब शनिवार को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी, जहां पुलिस मामले की आगामी जांच और चोरी किए गए सामान की बरामदगी के लिए उनका रिमांड हासिल करने की मांग करेगी। एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस चोरियों के इस नैटवर्क की बारीकी से जांच कर रही है।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here