Edited By Vijay, Updated: 24 Dec, 2025 07:51 PM

जिला मुख्यालय नाहन में बुधवार को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मनरेगा योजना का नाम बदलने के विराेध जोरदार प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार की नीतियों से नाराज यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
नाहन (ब्यूरो): जिला मुख्यालय नाहन में बुधवार को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मनरेगा योजना का नाम बदलने के विराेध जोरदार प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार की नीतियों से नाराज यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अपने आक्रोश का इजहार करते हुए प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान केंद्र सरकार का पुतला भी फूंका।
सरकार पर गुमराह करने और महापुरुषों के अपमान का लगाया आरोप
प्रदर्शन के दौरान जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अरुण ठाकुर ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा मोदी सरकार जनकल्याणकारी कार्यों के बजाय पुरानी योजनाओं का नाम बदलकर जनता को बरगलाने की कोशिश कर रही है। ठाकुर ने कहा कि मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम जुड़ा है। ऐसे में इसका नाम बदलने की कोई भी कोशिश बापू का अपमान है, जिससे देश के युवाओं में गहरा रोष है।
उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
अरुण ठाकुर ने आगे कहा कि मनरेगा के तहत ग्रामीण भारत में लोगों को रोजगार की गारंटी मिल रही थी, लेकिन सरकार इसका नाम बदलकर आम जनता के साथ धोखा कर रही है। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यूथ कांग्रेस इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि सरकार ने अपनी मनमानी नहीं रोकी तो आने वाले समय में इसके विरोध में उग्र आंदोलन किए जाएंगे। इस मौके पर यूथ कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।