Edited By Vijay, Updated: 24 Mar, 2026 07:40 PM

औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब में मंगलवार को उपायुक्त प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्थानीय उद्योगपतियों ने प्रशासन के समक्ष क्षेत्र की बदहाल स्थिति और उद्योगों के संचालन में आ रही चुनौतियों को प्रमुखता से रखा।
कालाअम्ब (प्रताप): औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब में मंगलवार को उपायुक्त प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्थानीय उद्योगपतियों ने प्रशासन के समक्ष क्षेत्र की बदहाल स्थिति और उद्योगों के संचालन में आ रही चुनौतियों को प्रमुखता से रखा। बैठक के दौरान उद्यमियों ने बुनियादी सुविधाओं के अभाव से लेकर नीतिगत पेचीदगियों तक कई मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में वरिष्ठ उद्योगपति सुरेन्द्र जैन ने पुरजोर मांग उठाई कि उद्योगों से साडा के रूप में एकत्रित राजस्व को इसी क्षेत्र के विकास कार्यों पर खर्च किया जाना चाहिए। उद्यमियों ने बताया कि क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल और सड़कों की हालत दयनीय है। विशेष रूप से कालाअम्ब-त्रिलोकपुर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। नालियों की उचित व्यवस्था न होने से गंदे पानी का जलभराव रहता है और सड़कों पर हुए अवैध कब्जों ने आवाजाही को मुश्किल बना दिया है। उद्योगपतियों ने प्रशासन को बताया कि कालाअम्ब का एंट्री बैरियर काफी संकरा है, जिसके कारण वहां रोजाना भयंकर जाम लगता है। ट्रैफिक की इस अव्यवस्था के चलते कच्चे माल की आवक और तैयार माल की जावक में देरी होती है, जिससे उद्योगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बैरियर को चौड़ा करने और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की।
बिजली दरों में हुई बढ़ौतरी पर नाराजगी जताते हुए उद्यमियों ने दरों में कटौती की मांग की, साथ ही निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए कालाअम्ब को अंधेरी सब-स्टेशन से जोड़ने का सुझाव दिया। इसके अलावा धारा 118 के नियमों पर चर्चा करते हुए कहा गया कि किराए की इकाइयों के लिए बार-बार अनुमति लेना अनावश्यक बोझ है। उन्होंने इस प्रक्रिया को सरल बनाने और एकमुश्त अनुमति का प्रावधान करने की मांग रखी। विकास कार्यों के तहत उद्योगपतियों ने मारकंडा नदी में चेक डैम निर्माण, ईएसआई अस्पताल की सड़क को मुख्य मार्ग से जोड़ने, तथा क्षेत्र में बस स्टैंड और ट्रांसपोर्ट नगर विकसित करने की मांग भी उठाई।
डीसी ने दिया त्वरित कार्रवाई का भरोसा
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने उद्योगपतियों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने मौके पर मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए और आश्वासन दिया कि प्राथमिकता के आधार पर इनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर उद्योग विभाग के जीएम रचित शर्मा, चैम्बर ऑफ कॉमर्स कालाअम्ब के अध्यक्ष दीपिन गर्ग, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अखिल महेश्वरी, सुरेन्द्र जैन, मनोज गर्ग, हर्ष कंसल, रूपेंद्र ठाकुर, अमन दुग्गल, डीआर बक्शी, किशन कल्याणी, राघव वालिया, पुनीत कुमार, संजय मित्तल, डॉ. दान सिंह, शिवम वशिष्ठ, दुर्गेश रावत, ओम प्रकाश दूबे और सोमनाथ भाटिया सहित कई अधिकारी व उद्यमी उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here