Edited By Jyoti M, Updated: 01 Jun, 2025 12:00 PM

हिमाचल प्रदेश में आज भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, राज्य के कई जिलों में आज भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश में आज भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, राज्य के कई जिलों में आज भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन जिलों में रहेगा ज्यादा असर
आज ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, शिमला और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, राज्य के बाकी जिलों में भी इक्का-दुक्का जगहों पर हल्की बारिश रिकॉर्ड की जा सकती है।
गर्मी से राहत के लिए पहाड़ों का रुख कर रहे पर्यटक
मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटकों ने हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों का रुख करना शुरू कर दिया है। राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार हो गए हैं। जून महीने के लिए भी होटलों और गेस्ट हाउसों में कमरों की बंपर एडवांस बुकिंग अभी से ही शुरू हो गई है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से प्रदेश के पर्यटन व्यवसायी काफी उत्साहित हैं।
खराब मौसम में बरतें ये सावधानियां
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए कुछ सावधानियां बरतने की सलाह दी है:
किसानों के लिए: फलों के बगीचों में तेज हवाओं से बचाव के लिए किसान जाल का उपयोग करें।
आम जनता और पर्यटकों के लिए: जिन-जिन जगहों पर मौसम खराब रहने की संभावना है, वहां आम जनता और पर्यटक अपनी बाहरी गतिविधियों को सीमित करें और सुरक्षित स्थान पर रहें या घर के अंदर ही रहें।
सरकारी सलाह का पालन करें: राज्य सरकार द्वारा जारी की गई सभी सलाहों और निर्देशों का पालन करें।
इस माह के अंत तक हिमाचल में दस्तक देगा मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में इस साल मानसून जून के आखिरी सप्ताह तक पहुंचने की संभावना है। यह अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार मानसून सामान्य से चार प्रतिशत अधिक रह सकता है। पिछले साल मानसून ने 27 जून को प्रदेश में दस्तक दी थी, और यदि स्थितियां अनुकूल रहीं, तो इस बार भी लगभग इसी समय मानसून की शुरुआत होने की उम्मीद है।