Edited By Vijay, Updated: 26 Jun, 2025 08:43 PM

हिमाचल प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य में आगामी 6 दिनों तक कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य में आगामी 6 दिनों तक कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 27 जून से 2 जुलाई तक राज्य में व्यापक वर्षा की चेतावनी दी गई है। इस दौरान 5 दिन यैलो और 29 जून को ऑरैंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश भी हो सकती है, जिससे नदियों-नालों में बाढ़ आने और भूस्खलन जैसी घटनाओं की आशंका है। शुक्रवार को राज्य के 8 जिलों चम्बा, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन में बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है।
स्थानीय लोगों और पर्यटकों से नदी-नालों से दूर रहने की सलाह
मौसम विभाग के साथ-साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से नदी-नालों से दूर रहने की सख्त सलाह दी है। राज्य के पर्वतीय इलाकों में फ्लैश फ्लड (अचानक आई बाढ़) और भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों को निचले क्षेत्रों और नदी-नालों के किनारे न जाने की चेतावनी दी है ताकि किसी भी तरह की जानमाल की हानि से बचा जा सके। विशेष रूप से ऐसे क्षेत्र जहां पहले भूस्खलन की घटनाएं हो चुकी हैं, वहां अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है। राज्य के कुल्लू और कांगड़ा जिलों में बीते 24 घंटों के दौरान बादल फटने की घटनाएं हुईं, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए और भारी जानमाल का नुक्सान हुआ है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
पालमपुर और बंजार में हुई सबसे अधिक वर्षा
गुरुवार को राजधानी शिमला में बूंदाबांदी हुई, जबकि ऊना में 3, बिलासपुर में 0.5, चम्बा में 2 व धौलाकुआं में 3.5 मिलीमीटर वर्षा हुई है। अब मैदानी इलाकों के तापमान में भी गिरावट आई है और हमीरपुर में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री रहा और ऊना में 33 डिग्री, जबकि राजधानी शिमला में 23.6 डिग्री रहा। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश दर्ज की गई और सर्वाधिक बारिश कांगड़ा जिले के पालमपुर में 8 और कुल्लू जिला के बंजार में 7, सैंटीमीटर रिकाॅर्ड की गई। जाटों बैराज में 5, धर्मशाला, नारकंडा में 4-4, शिलारू, सलूणी, चम्बा, ऊना, सराहन, बैजनाथ, अम्ब, सुजानपुर टिहरा, रामपुर बुशहर में 3-3, भरवाईं, पांवटा, पच्छाद, नादौन में 2-2, पंडोह, सेऊबाग, रोहड़ू, बिजाही, कांगड़ा, जोगिंद्रनगर, चौपाल, भरमौर में 1-1 सैंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक