Edited By Kuldeep, Updated: 07 Nov, 2022 06:20 PM

मुकेश अग्निहोत्री ने विधानसभा में विपक्ष के नेता के तौर पर बड़ी भूमिका निभाई है और उनके संघर्ष के कारण हिमाचल में अब कांग्रेस सत्ता पर आसीन होने जा रही है। यह बात ऊना के कांगड़ में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव...
ऊना (सुरेन्द्र): मुकेश अग्निहोत्री ने विधानसभा में विपक्ष के नेता के तौर पर बड़ी भूमिका निभाई है और उनके संघर्ष के कारण हिमाचल में अब कांग्रेस सत्ता पर आसीन होने जा रही है। यह बात ऊना के कांगड़ में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने कही। उन्होंने कहा कि अग्रिहोत्री ने दिन-रात एक कर विपक्ष की आवाज को पूरे प्रदेश में बुलंद किया है। भाजपा के झूठे वायदों, खोखली घोषणाओं और विफल डबल इंजन की पोल को खोला है। पूरे प्रदेश में भाजपा के खिलाफ जबरदस्त माहौल है। प्रियंका ने कहा कि भाजपा सरकार घोटालों की सरकार रही है। यहां पी.पी.ई. किट घोटाला, शिक्षक व पुलिस पेपर बेच कर घोटाला किया गया तो अवैध खनन जैसे कई घोटाले प्रदेश सरकार ने किए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को ड्रग्ज के जाल में धकेला गया है। युवाओं को रोजगार तो नहीं मिला, बल्कि उन्हें नशे की दलदल में धकेलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हैलीकॉप्टर और एम्बुलैंस के जरिए रुपए की ढुलाई जैसे संगीन मामले को नेता विपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री ने उठाया है। यहां जितने मर्जी रुपए बांट लें, कोई तंत्र काम नहीं करेगा और सरकार बदलकर रहेगी।
वाड्रा ने कहा कि खुद को डबल इंजन कहने वाली सरकारों का तेल खत्म हो गया है और उन्होंने तेल अपने मित्रों को भी बेच डाला है। खुद को देश का रक्षक कहने वाले भाजपा नेताओं ने पूरे देश की संपत्तियों को अपने मित्रों को नीलाम कर डाला है। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। कर्मचारियों को ओ.पी.एस. से वंचित किया गया है तो युवाओं को रोजगार नहीं दिया गया है। प्रदेश में 63,000 पद खाली पड़े हुए हैं, क्यों इन्हें भरा नहीं गया है। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकारों ने लाखों नौकरियां भी दी हैं और बेहतर काम भी किया है। छत्तीसगढ़ में ओ.पी.एस. भी लागू किया है। प्रियंका वाड्रा ने अपने भाषण में 7 बार नेता विपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री का जिक्र किया। अग्रिहोत्री द्वारा उठाए गए मुद्दों पर उन्होंने खुलकर सरकार पर वार किए। उन्होंने कहा कि अग्रिहोत्री ने प्रदेश का सबसे लंबा पुल बनाया, ट्रिप्पल आई.टी. खोली और बड़े-बड़े औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए हैं। इस बार ऊना में कांग्रेस के 5 प्रत्याशी जीतकर विधानसभा जाएंगे।