Edited By Swati Sharma, Updated: 16 Mar, 2026 04:33 PM

Shimla News: शिमला जिले के कुमारसैन थाना क्षेत्र में शातिर चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक ही रात में चोरी की दो बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है। चोरों ने चालान और लवाण गांवों में दो रिहायशी मकानों से लाखों रुपए के सोने-चांदी के गहने और...
Shimla News: शिमला जिले के कुमारसैन थाना क्षेत्र में शातिर चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक ही रात में चोरी की दो बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है। चोरों ने चालान और लवाण गांवों में दो रिहायशी मकानों से लाखों रुपए के सोने-चांदी के गहने और नकदी उड़ा लिए। वहीं, पुलिस ने दोनों मामलों को दर्ज कर गहन छानबीन शुरू कर दी है।
झाड़ियों में मिला खाली ट्रंक
पहली घटना चालान गांव की है। पीड़ित मोहन लाल डोगरा (58) ने पुलिस को बताया कि 14 मार्च की रात करीब 9:30 बजे पूरा परिवार सो गया था। अगली सुबह जब उनकी पत्नी पूजा वाले कमरे में सफाई करने पहुंचीं, तो वहां रखा ट्रंक गायब मिला। तलाश करने पर घर से करीब 150 मीटर दूर झाड़ियों में ट्रंक बरामद हुआ, लेकिन वह पूरी तरह खाली था। चोरों ने ट्रंक से सोने का मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, झुमके, नथ, चांदी के बर्तन और 10 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया।
घर से 40 हजार रूपए और जेवर गायब
पुलिस के मुताबिक, उसी रात चोरों ने पड़ोस के लवाण गांव में पूर्ण चंद के घर में भी बड़ी चोरी की। चोरों ने यहां से तीन चैन वाला सोने का मंगलसूत्र, चार सोने की अंगूठियां (महिला व पुरुष) और अन्य आभूषणों सहित करीब 40 हजार रुपये की नकदी चुरा ली। एक ही रात में दो वारदातों से स्थानीय ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर भारी रोष और डर का माहौल है।
पुलिस की जांच तेज
कुमारसैन थाना पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर BNS की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच का जिम्मा महिला मुख्य आरक्षी सविता को सौंपा गया है। पुलिस टीम आसपास के क्षेत्रों में सुराग जुटा रही है और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि दोनों चोरियों के पीछे एक ही गिरोह का हाथ हो सकता है।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें