Edited By Vijay, Updated: 14 Feb, 2026 04:30 PM

तेजतर्रार माने जाने वाले एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने शिमला जिला में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार देर रात पुलिस थाना ढली से लेकर ठियोग उपमंडल के पुलिस थानों व चौकियों का औचक निरीक्षण कर अपनी सक्रिय कार्यशैली का संकेत दिया।
शिमला (संतोष): तेजतर्रार माने जाने वाले एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने शिमला जिला में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार देर रात पुलिस थाना ढली से लेकर ठियोग उपमंडल के पुलिस थानों व चौकियों का औचक निरीक्षण कर अपनी सक्रिय कार्यशैली का संकेत दिया। उन्होंने आधी रात को ठियोग थाना और उसके अधीन आने वाली पुलिस चौकियों का अचानक दौरा किया तथा वहां की कार्यप्रणाली का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान थाना ठियोग से संबंधित स्थानीय समस्याओं को भी सुना गया और तत्काल प्रभाव से अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध करवाने के आदेश जारी किए गए, ताकि क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था और मजबूत हो सके।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में घटित अपराधों की समीक्षा की और लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी ली। विशेष रूप से एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की कार्रवाई का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई और तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला में नशे के कारोबार को समाप्त करना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा और इसके लिए निरंतर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने रात्रि गश्त की व्यवस्था का भी औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने गश्ती दलों को सतर्कता और प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि अपराधों पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके। उन्होंने निरीक्षण के दौरान पुलिस कर्मचारियों से बातचीत कर उनका मनोबल बढ़ाया और उन्हें ईमानदारी तथा जिम्मेदारी के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और इसके लिए हर स्तर पर पारदर्शी तथा सक्रिय कार्यशैली अपनाई जानी चाहिए।
बता दें कि हाल ही में पुलिस कप्तान शिमला का कार्यभार संभालने वाले एसएसपी गौरव सिंह पहले दिन से ही सक्रिय नजर आ रहे हैं। वह इससे पहले सोलन और कुल्लू में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य कर चुके है, जहां उनकी तेजतर्रार और सख्त कार्यशैली की सराहना की जाती रही है और अब पुलिस जिला शिमला में भी उन्होंने इसी कार्यप्रणाली को आगे बढ़ाते हुए निरीक्षण शुरू कर दिए है। एसएसपी गौरव सिंह ने कहा कि जिला पुलिस के तहत पुलिस अधिकारियों व पुलिस कर्मियों के साथ संवाद जरूरी है। ऐसे निरीक्षणों से उनकी समस्याओं का पता चलता है, जिस पर उनका समाधान किया जाता है, वहीं इससे जिला के पुलिस अधिकारियों व पुलिस कर्मियों का मनोबल भी बढ़ता है। ऐसे औचक निरीक्षण भविष्य में भी जारी रहेंगे।