Solan: RLA सोलन वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़े के मुख्य सरगना के खिलाफ लुक आऊट नोटिस

Edited By Kuldeep, Updated: 24 Mar, 2026 09:23 PM

solan rla fraud kingpin notice

सोलन पुलिस ने आरएलए सोलन में हुए वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़े के मुख्य सरगना गौरव भारद्वाज के खिलाफ लुक आऊट नोटिस जारी किया है, ताकि यह आरोपी देश से बाहर फरार न हो सके।

सोलन (पाल): सोलन पुलिस ने आरएलए सोलन में हुए वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़े के मुख्य सरगना गौरव भारद्वाज के खिलाफ लुक आऊट नोटिस जारी किया है, ताकि यह आरोपी देश से बाहर फरार न हो सके। पुलिस ने उसकी धरपकड़ के लिए दिल्ली व पंजाब सहित कई राज्यों में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी है लेकिन उसका अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। दिल्ली क्राइम ब्रांच भी गौरव की तलाश कर रही है क्योंकि दिल्ली क्राइम ब्रांच ने ही जनवरी माह में आरएलए में वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़े का खुलासा किया था, उसके बाद जब इस मामले की परतें खुलनी शुरू हुईं तो यह महाघोटाला निकला। आरएलए बिलासपुर में वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद से गौरव फरार है। इसी बीच में आरएलए सोलन में भी वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। यूपी नम्बर के 3 ट्राले आरएलए सोलन में फर्जी तरीके से पंजीकृत किए गए।

मजेदार बात यह है कि पंजीकरण के बाद इन तीनों ट्रालों को आरएलए झंडूता में ट्रांसफर किया गया, जहां पर गौरव भारद्वाज क्लर्क के पद पर कार्यरत था। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब एवीआई बिलासपुर ने इन तीनों ट्रालों की फिजिकल वैरिफिकेशन को लेकर एवीआई सोलन से संपर्क किया। उनके संज्ञान में ये ट्राले ही नहीं थे। बिना फिजिकल वैरिफिकेशन के लिए आरएलए सोलन में इन तीनों ट्रालों का पंजीकरण किया गया, जबकि दूसरे राज्यों के वाहनों के पंजीकरण से पूर्व फिजिकल वैरिफिकेशन करना अनिवार्य था। एवीआई सोलन एसडीएम के संज्ञान में इस मामले को लेकर आए।

एसडीएम सोलन पूनम बंसल ने इसका कड़ा संज्ञान लेते हुए 27 जनवरी को सदर थाना में मामला दर्ज किया, फिर अपने स्तर पर एक जांच शुरू की। सम्बन्धित कर्मचारी से इस मामले में पूछताछ भी की। जांच में पता चला कि 29 अक्तूबर 2025 को आरएलए सोलन के वाहन पोर्टल की 2 फर्जी आईडी बनाई गई हैं। इन फर्जी आईडी से वाहनों का पंजीकरण किया जा रहा है। करीब 70 से अधिक वाहनों का पंजीकरण किया गया है। इसमें से ज्यादातर वाहन आरएलए झंडूता, बिलासपुर व नूरपुर सहित कई आरएलए को ट्रांसफर किए गए हैं। एसडीएम सोलन ने इन सभी वाहनों की ट्रांजैक्शन को वाहन पोर्टल पर नोट टू बी ट्रांजैक्टेड श्रेणी में डाल दिया। ट्रांजैक्शन ब्लॉक होने के बाद ये सभी वाहन खड़े हो गए हैं।

इसी बीच एसपी सोलन ने इस मामले की जांच के लिए डीएसपी अशोक चौहान के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया। पुलिस की जांच में इस पूरे मामले के तार बिलासपुर से जुड़ गए। इस मामले का सरगना भी गौरव भारद्वाज निकला। दिल्ली क्राइम ब्रांच के बाद अब सोलन पुलिस भी उसकी तलाश कर रही है। एसपी सोलन तिरुमलाराजू साई दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि आर.एल.ए. सोलन वाहन पंजीकरण फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपी गौरव भारद्वाज के खिलाफ लुक आऊट नोटिस जारी किया गया है, उसकी तलाश में कई राज्यों में दबिश दी है। अभी कामयाबी नहीं मिली है लेकिन जल्द पुलिस उसे गिरफ्तार करने में कामयाब होगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!