Edited By Vijay, Updated: 05 Jun, 2025 03:54 PM

हिमाचल प्रदेश का विश्वप्रसिद्ध रोहतांग दर्रा इन दिनों सर्दियों जैसा नजारा पेश कर रहा है। समुद्रतल से 13,050 फीट की ऊंचाई पर स्थित इस दर्रे में जून के महीने में भी लगभग रोजाना हल्की बर्फबारी हो रही है।
कुल्लू (शम्भू प्रकाश): हिमाचल प्रदेश का विश्वप्रसिद्ध रोहतांग दर्रा इन दिनों सर्दियों जैसा नजारा पेश कर रहा है। समुद्रतल से 13,050 फीट की ऊंचाई पर स्थित इस दर्रे में जून के महीने में भी लगभग रोजाना हल्की बर्फबारी हो रही है। बर्फ से ढकी चोटियों और गिरते तापमान के बीच यहां का मौसम मानो गर्मियों को मात देकर सर्दी की आहट दे रहा है।
जैकेट, स्वैटर और गर्म कपड़ों में नजर आ रहे लाेग
मनाली की ऊंची चोटियों पर हो रही इस अनपेक्षित बर्फबारी से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। स्थानीय लोग जून में भी जैकेट, स्वैटर और गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं। सुबह और शाम की ठंड इतनी बढ़ गई है कि लोगों को हीटर और बुखारी तक का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं निचले क्षेत्रों में दिन में कुछ गर्मी जरूर महसूस हो रही है, लेकिन सुबह और शाम का मौसम बेहद सुहावना बना हुआ है।
पर्यटकों को खूब भा रहा अनोखा मौसम
रोहतांग और आसपास की ऊंची चोटियों पर हो रही बर्फबारी ने पर्यटकों को भी रोमांचित कर दिया है। दिल्ली, कोलकाता समेत देश के कई हिस्सों से आए पर्यटक यहां के ठंडे मौसम का जमकर आनंद उठा रहे हैं। दिल्ली से परिवार सहित पहुंचे आशुतोष मेहता, आदित्य, देवेश गौतम, अजय कुमार और रमेश गोयल ने बताया कि दिल्ली में पारा 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, लेकिन यहां आकर सर्दी का सुखद अहसास हो रहा है। कोलकाता से आए कोमलम कुंडू के परिवार ने कहा कि हमारे इलाके में तो गर्मी इतनी है कि दिन में बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता है, लेकिन मनाली और रोहतांग का मौसम देखकर मन खुश हो गया। यहां का मौसम इतना प्यारा है कि यहीं बस जाने का मन कर रहा है।
घाटी के अन्य पर्यटन स्थलों पर भी बढ़ी भीड़
सैलानी केवल रोहतांग तक ही सीमित नहीं हैं। लाहौल, काजा रोड, बारालाचा दर्रा तक भी पर्यटक बर्फ देखने जा रहे हैं। साथ ही मणिकर्ण, कसोल, तोष, मलाणा, तीर्थन वैली और जीभी जैसे प्रसिद्ध स्थलों पर भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है। वीरवार को मणिकर्ण रोड पर पर्यटक वाहनों की अधिकता के चलते ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी रही।
स्थानीय पर्यटन कारोबारियों को भी राहत
इन दिनों मनाली आने वाले पर्यटकों को ऐसा अनुभव हो रहा है जैसा अक्सर दिसंबर-जनवरी में होता है। हल्की बर्फबारी, ठंडी हवाएं और मनोहारी वादियों के बीच मौसम पूरी तरह से सर्दियों के जैसा हो गया है। इस अप्रत्याशित ठंड ने जहां पर्यटकों को सुखद आश्चर्य में डाला है, वहीं स्थानीय कारोबारियों के लिए यह मौसम राहत और उम्मीदें लेकर आया है। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े बुद्धि प्रकाश ठाकुर, अनिल कांत शर्मा, सुरेश कुमार, मकरध्वज शर्मा और रोशन ठाकुर का कहना है कि इस बार सैलानियों की संख्या कुछ कम जरूर है, लेकिन जो भी आ रहे हैं, वे रोहतांग दर्रे और आसपास की बर्फीली वादियों से मंत्रमुग्ध हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि जून में भी बर्फबारी का नजारा दुर्लभ होता है, और यह सैलानियों के लिए एक खास अनुभव बन गया है।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक