Edited By Kuldeep, Updated: 28 Apr, 2025 10:53 PM

राज्य में सूर्यदेव ने अब अपनी तपिश खूब बढ़ा दी है। हालांकि रविवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में हल्की से गिरावट अवश्य आई है, लेकिन तपिश में कोई कमी नहीं रही है।
शिमला (संतोष): राज्य में सूर्यदेव ने अब अपनी तपिश खूब बढ़ा दी है। हालांकि रविवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में हल्की से गिरावट अवश्य आई है, लेकिन तपिश में कोई कमी नहीं रही है। हीट वेव के जारी किए गए अलर्ट के बीच में ऊना में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री रहा, जोकि रविवार के 42 डिग्री के मुकाबले कम रहा है। ऊना, मंडी व कुल्लू में हीट वेव का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। मंडी में भी अधिकतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट आई है और यहां 35.6 डिग्री तापमान रहा है, जबकि राजधानी शिमला में 1.4 डिग्री की गिरावट के साथ 26.4 डिग्री तापमान रहा है।
समूचे राज्य में अधिकतम तापमान में सामान्य से औसतन 0.3 डिग्री की गिरावट देखी गई है। हालांकि मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को भी इन्हीं तीन जिलों ऊना, मंडी व कुल्लू में हीट वेव का यैलो अलर्ट जारी किया है। 1 मई को प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं पर मेघ गरजन, बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर तेज हवाएं चलने का यैलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसका क्रम 2 मई को भी जारी रहेगा, लेकिन 2 मई को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो रहा है, जिससे आगामी माह के पहले सप्ताह में एक बार फिर से बारिश के आसार बन गए हैं, जिससे अधिकतम तापमान पर ब्रेक लग सकती है।
सोमवार को राजधानी शिमला में लोग चिलचिलाती धूप से परेशान रहे और छांव का सहारा लेते हुए नजर आए। हालांकि मैदानी इलाकों में दिन के समय बाहर निकालना काफी मुश्किल हो गया है। राज्य में 14 जगहों का तापमान 30 डिग्री के ऊपर चला हुआ है और कहीं-कहीं तो 37 डिग्री के पार बना हुआ है। ऐसे में मैदानी इलाकों में लोगों को गर्मी का खूब सामना करना पड़ रहा है। पिछले 24 घंटों की बात करें तो राज्य में मौसम शुष्क बना रहा और ताबो में 41, कोटखाई में 39, रिकांगपिओ में 39 और कुफरी में 37 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चली हैं।